सोशल संवाद/जमशेदपुर : जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मुख्य संरक्षक अभय सिंह के निर्देश पर तुलसी भवन, बिष्टुपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने की, जबकि मंच संचालन महासचिव प्रवीण सेठी ने किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में समिति के कोर ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित रहे और अपने-अपने विचार रखे।
ये भी पढे : MGM अस्पताल में 7 साल का बैकलॉग खत्म, 600 जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मामलों का त्वरित निपटारा
केंद्रीय समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि जमशेदपुर के युवाओं को रामनवमी महोत्सव में अग्रणी भूमिका निभाने की आवश्यकता है। वहीं संरक्षक पन्ना सिंह जंघेल ने सुझाव दिया कि सोनारी में विसर्जन देर रात तक न हो, इसके लिए केंद्रीय समिति को वहां की सभी समितियों के साथ पूर्व बैठक करनी चाहिए।
सोनारी के अशोक जैन ने कहा कि जिला परिषद रामनवमी के निकट तिथि पर बैठक न रखे, बल्कि पहले से बैठक कर ले और अनावश्यक कागजी प्रक्रियाओं से बचाए। कदमा संकट मोचन हनुमान अखाड़ा के उत्तम कुमार दास ने बताया कि कदमा उलियान मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के सैकड़ों ऑनलाइन डिलीवरी बॉयज की बाइकों से सड़क और मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण हो रहा है, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहती है। इस पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हिन्दू नववर्ष की पूर्व संध्या 18 मार्च को हिन्दू नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी तथा 28 मार्च को रामनवमी शोभा यात्रा सह विसर्जन आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि जमशेदपुर की सभी रामनवमी अखाड़ा समितियों को एक सूत्र में पिरोकर केंद्रीय समिति को सशक्त संगठन बनाने में सभी के सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आने वाले समय में समिति का और विस्तार किया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद, जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने भी समिति को अपना पूर्ण सहयोग देने की बात कही। बैठक में संरक्षक सुमन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिलजय बोस, सचिव विजय तिवारी, सह सचिव उत्तम कुमार दास, जीतेंद्र प्रमाणिक, बजरंग दल संयोजक चंदन दास, जटाधारी शिव हनुमान मंदिर के उमेश सिंह, गोविंदपुर के धीरज सिंह, जम्बू अखाड़ा के रणवीर मंडल, टेल्को के ओम प्रकाश, पारडीह के संजय मुखर्जी, बिष्टुपुर के विश्वनाथ सहित अन्य कई अखाड़ों के सदस्य उपस्थित रहे।









