सोशल संवाद/डेस्क : आमिर खान की बेटी इरा खान एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने NEET छात्र आंदोलन पर अपनी चुप्पी की वजह बताते हुए कहा कि वह जानबूझकर खबरों से दूरी बनाकर रखती हैं। उनका कहना है कि लगातार नकारात्मक खबरें देखना उनकी मानसिक सेहत पर असर डालता है, इसलिए वह कई बार ऐसी चीजों से खुद को दूर रखती हैं।
यह भी पढे : वीकेंड पर दोस्तों संग मस्ती करती दिखीं मलाइका अरोड़ा, बेटे अरहान और रूमर्ड बॉयफ्रेंड हर्ष मेहता भी आए नजर
हाल ही में सामने आए एक वीडियो में इरा ने कहा कि कई लोगों ने उनसे पूछा कि उन्होंने NEET छात्रों के प्रदर्शन पर कुछ क्यों नहीं कहा। इस पर उन्होंने साफ शब्दों में जवाब दिया, “मैं खबरें नहीं देखती। कई बार मैं जानबूझकर उनसे दूर रहती हूं, क्योंकि मुझे अपनी मानसिक सेहत का भी ख्याल रखना होता है।”
हालांकि, इरा ने यह भी माना कि हर किसी के पास ऐसा करने का विकल्प नहीं होता। उन्होंने कहा कि कई लोग ऐसे हालात का सामना कर रहे हैं, जिनसे वे चाहकर भी दूर नहीं जा सकते। ऐसे लोगों के प्रति वह पूरी संवेदना रखती हैं। इरा का कहना है कि वह किसी भी सामाजिक या संवेदनशील मुद्दे पर तभी बोलना पसंद करती हैं, जब उन्हें लगे कि उनकी बात से वास्तव में कोई सकारात्मक योगदान होगा। सिर्फ अपनी मौजूदगी दर्ज कराने या ट्रेंड का हिस्सा बनने के लिए बयान देना उन्हें सही नहीं लगता।
इरा खान पहले भी कई बार मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात कर चुकी हैं। वह मानती हैं कि अपनी मानसिक शांति बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है, जितना समाज के मुद्दों पर जागरूक रहना। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब NEET परीक्षा और छात्र आंदोलन को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। इरा के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को ऐसे अहम मुद्दों पर अपनी राय जरूर रखनी चाहिए।









