सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय रेलवे ने देशभर में स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन को लेकर चलाए गए विशेष अभियान 6 (Special Campaign 6) को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और वर्कशॉप सहित विभिन्न रेलवे परिसरों में 1 लाख से अधिक सफाई अभियान चलाए गए। वहीं, कबाड़ के निस्तारण से रेलवे ने 628.49 करोड़ रुपये की कमाई की, जो निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है।
यह भी पढे : ट्रेन छूटने पर रेलवे और IRCTC देंगे ₹15,620 मुआवजा, उपभोक्ता आयोग का आदेश
कबाड़ बेचकर कमाए 628 करोड़ रुपये
विशेष अभियान 6 के तहत भारतीय रेलवे ने कबाड़ और अनुपयोगी सामानों को हटाकर 6,20,121 वर्ग फीट जगह खाली कराई। इस दौरान कबाड़ के निस्तारण से कुल 628.49 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेलवे ने इस अभियान के जरिए न केवल खाली जगह का बेहतर इस्तेमाल किया, बल्कि कार्यालयों और रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया।
1.50 लाख से अधिक ई-कचरे का निस्तारण
इस साल के अभियान में ई-कचरे (E-Waste) के संग्रह, पृथक्करण और निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके तहत रेलवे ने 1.50 लाख से अधिक ई-कचरे की इकाइयों का निस्तारण किया। इससे रेलवे को 10.43 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उचित तरीके से निपटान करना और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना था।
5,884 रेलवे स्टेशनों पर हुआ रेल जन संवाद
विशेष अभियान के तहत यात्रियों और रेलवे अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। 22 अक्टूबर 2026 को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस दौरान यात्रियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सीधे वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिला। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की भागीदारी बढ़ाना और रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाना था।
लंबित शिकायतों और फाइलों के निपटारे पर भी जोर
अभियान के दौरान रेलवे ने पुरानी भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा की। इसके साथ ही जन शिकायतों, अपीलों, संसदीय आश्वासनों, वीआईपी संदर्भों और अन्य लंबित मामलों के निपटारे पर भी ध्यान दिया गया।
रेलवे के अनुसार, इस अभियान से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने, लंबित मामलों को कम करने और कार्यस्थलों को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिली है।
रेलवे ने कहा कि विशेष अभियान 6 की सफलता स्वच्छता, संसाधनों के बेहतर उपयोग, कचरा प्रबंधन और यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।











