सोशल संवाद / डेस्क : IndiGo Flight News: दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में तकनीकी अलर्ट के बाद पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट का रुख राजकोट की ओर मोड़ दिया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह भी पढे : ओडिशा और झारखंड को मिली 3,907 करोड़ की दो रेल परियोजनाओं की सौगात, बढ़ेगी कनेक्टिविटी और माल ढुलाई
कार्गो होल्ड में धुएं की सूचना के बाद लिया फैसला
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 1452 दुबई से मुंबई के लिए उड़ान भर रही थी। उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड क्षेत्र में धुएं की सूचना मिली, जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और एहतियात के तौर पर राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।
विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित
राजकोट एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर पहले से ही फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य सुरक्षा टीमों को अलर्ट पर रखा गया था।
जांच में जुटी टीम
अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धुआं किसी वास्तविक तकनीकी समस्या के कारण था या किसी अन्य कारण से अलर्ट जारी हुआ। विमान की जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यात्रियों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता
एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, उड़ान के दौरान किसी भी तरह के तकनीकी अलर्ट को गंभीरता से लिया जाता है। पायलट और क्रू की त्वरित कार्रवाई के कारण विमान को सुरक्षित तरीके से उतारा गया और एक बड़ी घटना टल गई।









