सोशल संवाद / जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने जमशेदपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जारी आदेश के अनुसार 14 से 16 नवंबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर समय के अनुसार प्रतिबंध लगाया गया है।
यह भी पढ़े : जापान में गोल्ड जीतने वाले पैरा तीरंदाज विजय सुंडी सम्मानित, पश्चिमी सिंहभूम में हुआ भव्य स्वागत
जारी आदेश के मुताबिक, 14 नवंबर को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक शहर में दोनों ओर से सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। वहीं, सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से 16 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और व्रतियों को घाटों तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।











