सोशल संवाद / जमशेदपुर : द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, साकची के वाणिज्य विभाग द्वारा एम.कॉम. सेमेस्टर-1 (सत्र 2025-2027) की नवप्रवेशी छात्राओं के लिए बुधवार को महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना था।
यह भी पढे : IndiGo का 20वीं वर्षगांठ पर बड़ा ऑफर! जीत सकते हैं 20,000 फ्री फ्लाइट टिकट, जानें पूरी डिटेल
कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रोफेसर-इन-चार्ज डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, समयपालन, नियमित अध्ययन और नैतिक मूल्यों के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल उच्च शिक्षा प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, ज्ञानार्जन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्माण का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
इसके बाद वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. कुमारी अनामिका ने छात्राओं को विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम की रूपरेखा, परीक्षा प्रणाली, महाविद्यालय के नियमों तथा भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नियमित उपस्थिति, सतत अध्ययन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. सुशीला हाँसदा, डॉ. संगीता बिरुआ, डॉ. अनुराधा वर्मा, डॉ. सुनीता बंकिरा, डॉ. पूर्वा दुबे तथा प्रो. सुदीप्ता दास की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने छात्राओं को नियमित उपस्थिति, समयपालन, अनुशासन तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।









