सोशल संवाद / डेस्क : क्रिकेट की दुनिया में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की तुलना एक बार फिर चर्चा में आ गई है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज AB डिविलियर्स ने टेस्ट क्रिकेट में विदेशी परिस्थितियों में प्रदर्शन को लेकर विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से बेहतर बताया है। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट फैंस के बीच नई बहस छिड़ गई है।

यह भी पढ़े : India vs Bangladesh: फिर टल सकता है भारत का बांग्लादेश दौरा, तमिम इकबाल के बयान से बढ़ी हलचल
डिविलियर्स ने अपने YouTube चैनल पर कहा कि सचिन तेंदुलकर ने भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल विदेशी परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने का रास्ता दिखाया। लेकिन उनके मुताबिक, विराट कोहली ने उस स्तर को आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाई तक पहुंचाया।
डिविलियर्स के इस आकलन का आधार खास तौर पर विदेशी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बल्लेबाजी और भारतीय टेस्ट टीम पर प्रभाव है। उनके मुताबिक, सचिन ने शुरुआत की, जबकि कोहली ने उस विरासत को आगे बढ़ाया और भारत को विदेशी मैदानों पर ज्यादा आत्मविश्वास के साथ खेलने वाली टीम बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।
हालांकि, अगर सिर्फ आंकड़ों की बात करें तो तस्वीर अलग नजर आती है। सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर में 15,921 रन और 51 शतक बनाए हैं। वहीं विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने तक 9,230 रन बनाए। विदेशी टेस्ट क्रिकेट में भी सचिन के नाम 8,705 रन हैं, जबकि कोहली ने भारत के बाहर 4,774 रन बनाए हैं।
SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भी सचिन के आंकड़े बेहतर हैं। सचिन ने इन देशों में 63 टेस्ट में 5,387 रन बनाए, जबकि कोहली ने 46 टेस्ट में 3,661 रन बनाए।
यही वजह है कि डिविलियर्स का बयान आंकड़ों से ज्यादा प्रभाव और विरासत को लेकर बहस खड़ी कर रहा है। उनके बयान पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज दोड्डा गणेश ने भी सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।
फिलहाल सचिन बनाम विराट की बहस एक बार फिर सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट फैंस के बीच तेज हो गई है। आंकड़ों के आधार पर सचिन का पलड़ा भारी नजर आता है, जबकि डिविलियर्स ने विराट के विदेशी प्रदर्शन और भारतीय टेस्ट क्रिकेट पर उनके प्रभाव को ज्यादा महत्व दिया है।









