सोशल संवाद / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को साकची स्थित पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे।
यह भी पढे : Diwali 2026: तमिलनाडु के 10 गांवों में 21 साल से नहीं जलते पटाखे, पक्षियों की सुरक्षा के लिए अनोखी पहल
अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इसके अलावा आसपास के सब्जी विक्रेताओं, ठेला चालकों और गरीब मजदूरों को भी अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता की जांच
एसएसपी ने अस्पताल में रखे दवाइयों के स्टॉक का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने एंटीवेनम जैसी महत्वपूर्ण दवाओं के स्टॉक और उनके रखरखाव की स्थिति की भी जांच की।
मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराने का निर्देश
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रखा जाए। मरीजों को समय पर दवाइयां मिलनी चाहिए और इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने, अस्पताल की साफ-सफाई बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।











