सोशल संवाद / जमशेदपुर : रेलवे बोर्ड के निर्देश पर 22 अक्टूबर को देशभर के रेलवे स्टेशनों पर जन संवाद आयोजित किया जाएगा। इस पहल के तहत चक्रधरपुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा पर यात्री अपनी समस्याएं, सुझाव और सुविधाओं से जुड़े विचार रख सकेंगे। रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों से सीधे संवाद कर स्टेशन परिसरों की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
यह भी पढ़े : साकची जेल की दीवार से सटाकर खड़े हो रहे ट्रक, सुरक्षा पर सवाल
रेलवे बोर्ड के इस विशेष अभियान के तहत स्टेशनों पर साफ-सफाई, अतिक्रमित व अनुपयोगी स्थानों को खाली कराने तथा कबाड़ के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका लक्ष्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि रेलवे की जमीन और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना है। रेलवे ने अक्टूबर के अंत तक देशभर में एक लाख स्थानों की सफाई करने, 7 लाख वर्गफीट जगह खाली कराने और कबाड़-ई-कचरे के निस्तारण से 600 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा है।
रेलवे स्टेशनों पर जनसंवाद का मकसद यात्रियों की नजर से कमियों को समझना है। इससे अनुपयोगी और खाली जगहों की पहचान कर सफाई होगी, कबाड़ हटेगा और रेलवे को राजस्व भी प्राप्त होगा।
चांडिल-झाड़ग्राम रेल लाइन के लिए सर्वे शुरू
चांडिल को झाड़ग्राम से जोड़ने वाली रेल परियोजना का फाइनल लोकेशन सर्वे आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। रेल मंत्रालय ने इस सर्वे के लिए 3.81 करोड़ आवंटित किए हैं। तकनीकी टीम द्वारा रूट का एलाइनमेंट तय करने, स्टेशनों के चयन, मिट्टी जांच और पुल-पुलिया के लोकेशन के लिए ड्रोन व सैटेलाइट इमेज से सर्वे किया जा रहा है। दपू रेलवे के सीपीआरओ ओमप्रकाश चरण के अनुसार, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट अगस्त 2027 तक बोर्ड को सौंपी जाएगी।










