सोशल संवाद/डेस्क: इंजीनियरिंग में प्रवेश की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच इस वर्ष JEE Main को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। 2026 सत्र के लिए अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रेलवे में 11,127 पदों पर भर्ती का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी
जनवरी सत्र के लिए करीब 14.10 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि अप्रैल सत्र में अब तक 2.05 लाख से ज्यादा नए यूनिक उम्मीदवार जुड़े हैं। केवल बिहार से ही 75 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। सेशन-2 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 फरवरी 2026 तक चली, जबकि फॉर्म में सुधार के लिए 27 और 28 फरवरी को करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।
किन जानकारियों में कर सकेंगे संशोधन?
उम्मीदवार प्रश्न पत्र का माध्यम, परीक्षा शहर, 10वीं-12वीं की शैक्षणिक जानकारी, जेंडर और कैटेगरी जैसी डिटेल्स में बदलाव कर सकेंगे।
साल-दर-साल बढ़ते आंकड़े
आवेदन संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले वर्षों के पंजीकरण इस प्रकार रहे:
- 2021: 6.52 लाख
- 2022: 8.72 लाख
- 2023: 8.60 लाख
- 2024: 12.21 लाख
- 2025: 13.11 लाख
सीटें और संस्थान
देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों Indian Institutes of Technology (IIT), National Institutes of Technology (NIT), Indian Institutes of Information Technology (IIIT) और अन्य सरकारी वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों (GFTI) में कुल लगभग 63 हजार सीटें उपलब्ध हैं।
- IIT: 18,160
- NIT: 24,525
- IIIT: 9,940
- अन्य GFTI: 10,228
प्रवेश प्रक्रिया कैसे होगी?
JEE Main के जरिए NIT, IIIT और अन्य केंद्रीय संस्थानों में BE/BTech पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है, जबकि पेपर-2 के माध्यम से BArch और B Planning में एडमिशन होता है। दोनों सत्रों के सर्वश्रेष्ठ NTA स्कोर के आधार पर ऑल इंडिया रैंक जारी की जाएगी। शीर्ष 2.5 लाख रैंक पाने वाले अभ्यर्थी JEE Advanced के लिए आवेदन कर सकेंगे। IIT में प्रवेश इसी परीक्षा के जरिए मिलता है। JEE Advanced में बैठने के लिए उम्मीदवारों को 12वीं में न्यूनतम 75% अंक या संबंधित बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में स्थान हासिल करना अनिवार्य है।









