Jharkhand High Court: संताल बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार, परंपरा के नाम पर नहीं छीन सकते हक

By Riya Kumari

Published :

Follow
Jharkhand High Court: संताल बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार, परंपरा के नाम पर नहीं छीन सकते हक

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड हाई कोर्ट ने संताल आदिवासी समाज की बेटियों के पैतृक संपत्ति में अधिकार को लेकर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल पुरानी परंपरा का हवाला देकर बेटियों को पिता की संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संताल समाज में बेटियों को पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता, तो उसे इस परंपरा के अस्तित्व का ठोस प्रमाण देना होगा।

यह भी पढे : Jharkhand Weather Update : झारखंड में बढ़ेगी ठंड, 3 दिनों में 5 डिग्री गिरेगा तापमान

चीफ जस्टिस एमएस सोनक की पीठ ने सुनाया फैसला

झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि किसी प्रथा को कानूनी मान्यता देने के लिए यह साबित करना जरूरी है कि वह प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और लगातार प्रचलन में रही है।

अदालत के मुताबिक, किसी कथित परंपरा के आधार पर सामान्य कानूनी अधिकारों से अलग दावा करने वाले पक्ष की जिम्मेदारी है कि वह पर्याप्त साक्ष्य पेश करे। इस मामले में बेटियों को संपत्ति से वंचित करने की कथित प्रथा के समर्थन में प्रतिवादी ठोस प्रमाण नहीं दे सके।

जामताड़ा के 41 साल पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

यह मामला जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव का है। यहां पैतृक जमीन के मालिकाना हक को लेकर वर्ष 1985 में एक महिला ने दीवानी मुकदमा दायर किया था। महिला ने अपने पिता की पूरी पैतृक संपत्ति पर अधिकार की मांग की थी।

5 अक्टूबर 1996 को निचली अदालत ने महिला को संपत्ति में एक-तिहाई हिस्से का मालिक माना। इसके बाद महिला ने इस फैसले को चुनौती दी। 4 मार्च 2006 को अपीलीय अदालत ने निचली अदालत के आदेश में बदलाव करते हुए महिला के पक्ष में पूरी संपत्ति पर मालिकाना हक की डिक्री पारित कर दी।

घरजमाई प्रथा को लेकर क्या दी गई थी दलील?

अपीलीकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी थी कि संताल समुदाय की परंपरा के अनुसार सामान्य तौर पर बेटियों को पिता की पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता। उनका तर्क था कि बेटी को संपत्ति का अधिकार तभी मिल सकता है, जब उसका विवाह घरजमाई प्रथा के तहत हुआ हो।

इस व्यवस्था में दामाद पत्नी के परिवार के साथ रहता है और उसे दत्तक पुत्र की तरह माना जाता है। हालांकि, हाई कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया, क्योंकि संबंधित पक्ष कथित परंपरा के अस्तित्व और उसके निरंतर पालन का ठोस प्रमाण पेश नहीं कर सका।

13 गवाहों और राजस्व दस्तावेजों से साबित हुआ दावा

मामले में वादी पक्ष ने 13 गवाहों की गवाही और राजस्व दस्तावेजों के आधार पर अपना दावा प्रस्तुत किया था। हाई कोर्ट ने इन साक्ष्यों पर विचार करते हुए अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा।

अदालत ने प्रतिवादियों की दूसरी अपील खारिज कर दी। इस तरह वर्ष 2006 में अपीलीय अदालत द्वारा महिला के पक्ष में दिया गया फैसला कायम रहा।

महिलाओं के संपत्ति अधिकारों पर अहम टिप्पणी

हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का भी उल्लेख किया और कहा कि किसी प्रथा को केवल अनुमान या तर्क के आधार पर स्थापित नहीं किया जा सकता। उसे उचित और विश्वसनीय साक्ष्यों से साबित करना जरूरी है।

इस फैसले का महत्व संताल समुदाय से जुड़े संपत्ति विवादों के संदर्भ में है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल परंपरा का हवाला देकर बेटियों को पैतृक संपत्ति के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version