सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड में राशन कार्ड बनवाने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अहम खबर है। राज्य के लगभग सभी जिलों में नए राशन कार्ड के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची बनी हुई है। इसके बावजूद रोजाना बड़ी संख्या में लोग राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : Jharkhand Police भर्ती 2015: 11 साल बाद अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 4 हफ्ते में नियुक्ति का आदेश
इसी बीच राज्य सरकार ने राशन वितरण को लेकर नया लक्ष्य निर्धारित किया है। विभागीय आदेश के अनुसार राज्य में 2,64,25,385 लोगों को राशन देने का लक्ष्य तय किया गया है। यह राज्य की कुल करीब 3.29 करोड़ आबादी का लगभग 80.10 प्रतिशत है। इस लक्ष्य में अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और पूर्वविक्ता प्राप्त गृहस्थ योजना (PHH) के लाभुक शामिल हैं।
नए राशन कार्ड के लिए क्या है नियम?
नए आदेश के अनुसार निर्धारित लक्ष्य से अधिक लाभुकों को राशन योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। नए राशन कार्ड तभी बनाए जा सकेंगे, जब संबंधित जिले में निर्धारित लक्ष्य के भीतर रिक्तियां उपलब्ध हों।
यानी जिन राशन कार्डों को किसी कारण से रद्द किया जाएगा, उनके स्थान पर नए पात्र लाभुकों को राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। विभाग ने गंभीर बीमारी और असाध्य रोगों से पीड़ित लोगों के लिए 100 रिक्तियां रखना अनिवार्य किया है।
हर महीने राशन कार्ड की होगी समीक्षा
राज्य के सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हर महीने जारी किए गए राशन कार्ड की समीक्षा करें। इससे यह पता लगाया जाएगा कि कितने नए राशन कार्ड जारी किए गए और कितने कार्ड रद्द हुए। विभाग निर्धारित लक्ष्य के भीतर ही नए लाभुकों को जोड़ने की प्रक्रिया करेगा।
25 लाख लोगों की प्रतीक्षा सूची खत्म करने की तैयारी
हाल के दिनों में राज्य सरकार ने करीब 25 लाख लोगों की प्रतीक्षा सूची समाप्त करने के लिए भी आदेश जारी किया था। अब नए लक्ष्य के बाद राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, सिर्फ आवेदन करने से राशन कार्ड मिलना तय नहीं होगा। पात्रता और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर ही नए लाभुकों को योजना में शामिल किया जाएगा।
छह साल से नहीं बदला राशन का लक्ष्य
विभागीय आदेश में बताया गया है कि वर्ष 2020 में जारी संकल्प के तहत PHH और AAY लाभुकों की कुल संख्या 2,64,25,385 निर्धारित की गई थी। छह साल बीत जाने के बाद भी यही लक्ष्य बरकरार है। यानी राज्य की आबादी बढ़ने के बावजूद राशन वितरण के लिए निर्धारित लाभुकों की संख्या में अब तक कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसी वजह से नए राशन कार्ड जारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को पुराने राशन कार्ड रद्द होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
धनबाद में 24 हजार से अधिक राशन कार्ड रद्द करने की प्रक्रिया
धनबाद के जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार के अनुसार, राज्य सरकार के आदेश के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहले चरण में 24 हजार से अधिक राशन कार्ड रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए पात्र लाभुकों के राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।
किस जिले में कितने लोगों को राशन देने का लक्ष्य?
विभाग की ओर से सभी जिलों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक रांची में AAY और PHH को मिलाकर करीब 19.86 लाख, धनबाद में करीब 18.70 लाख और गिरिडीह में करीब 21.08 लाख लाभुकों को राशन देने का लक्ष्य है।
| जिला | AAY | PHH | कुल लक्ष्य |
|---|---|---|---|
| बोकारो | 87,688 | 12,59,404 | 13,47,092 |
| चतरा | 1,55,240 | 7,33,711 | 8,88,951 |
| देवघर | 62,608 | 11,29,351 | 11,91,959 |
| धनबाद | 1,36,992 | 17,33,368 | 18,70,360 |
| दुमका | 1,98,244 | 9,21,373 | 11,19,617 |
| पूर्वी सिंहभूम | 2,35,484 | 14,26,152 | 16,61,636 |
| गढ़वा | 1,24,444 | 10,61,607 | 11,86,051 |
| गिरिडीह | 2,76,664 | 18,31,433 | 21,08,097 |
| गोड्डा | 1,13,932 | 9,91,565 | 11,05,497 |
| गुमला | 1,31,788 | 6,94,351 | 8,26,139 |
| हजारीबाग | 2,25,388 | 12,33,217 | 14,58,605 |
| जामताड़ा | 73,380 | 6,39,867 | 7,13,247 |
| खूंटी | 1,34,148 | 3,21,754 | 4,55,902 |
| कोडरमा | 68,141 | 4,66,120 | 5,34,261 |
| लातेहार | 58,164 | 6,23,931 | 6,82,095 |
| लोहरदगा | 56,740 | 3,72,710 | 4,29,450 |
| पाकुड़ | 79,232 | 6,99,581 | 7,78,813 |
| पलामू | 1,88,740 | 16,40,186 | 18,28,926 |
| रामगढ़ | 85,312 | 5,16,203 | 6,01,515 |
| रांची | 4,22,392 | 15,63,684 | 19,86,076 |
| साहिबगंज | 1,62,500 | 7,88,774 | 9,51,274 |
| सरायकेला-खरसावां | 1,37,920 | 7,47,361 | 8,85,281 |
| सिमडेगा | 69,632 | 4,89,679 | 5,59,311 |
| पश्चिमी सिंहभूम | 3,86,820 | 8,70,403 | 12,57,223 |
राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वालों को क्या समझना जरूरी है?
नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों को यह समझना जरूरी है कि प्रतीक्षा सूची में नाम होना और राशन कार्ड जारी होना अलग-अलग प्रक्रिया है। विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के भीतर उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर ही नए लाभुकों को शामिल किया जाएगा। साथ ही पात्रता और दस्तावेजों की जांच के बाद ही राशन कार्ड जारी किया जाएगा।









