‘झारखंड किसी की भीख में मिला राज्य नहीं’, MMDR एक्ट पर कल्पना सोरेन ने केंद्र को घेरा

By Riya Kumari

Published :

Follow
‘झारखंड किसी की भीख में मिला राज्य नहीं’, MMDR एक्ट पर कल्पना सोरेन ने केंद्र को घेरा

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि झारखंड भारत का अभिन्न अंग है, कोई उपनिवेश नहीं, जहां से केवल खनिज संपदा का दोहन किया जाए। उन्होंने इस कानून को राज्य के वित्तीय और संवैधानिक अधिकारों पर प्रहार बताया। साथ ही सभी दलों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इसके विरोध में एकजुट होने की अपील की।

यह भी पढे : कुतुबमीनार से कूदने की बात पर सदन में गूंजा ठहाका, बाबूलाल मरांडी के जवाब पर हंस पड़े विधायक

खनिज सेस से चल रही हैं जनकल्याणकारी योजनाएं

कल्पना सोरेन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद झारखंड सरकार ने खनिज धारित भूमि पर सेस लगाने के लिए झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस एक्ट 2024 बनाया था। इस राशि का उपयोग सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सर्वजन पेंशन, मंईयां सम्मान और अबुआ आवास जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाने में इस राजस्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अनुसार, नए संशोधन से राज्य के इन वित्तीय अधिकारों पर असर पड़ सकता है।

अगले 10 वर्षों में एक लाख करोड़ के नुकसान का दावा

विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार ने कानून में संशोधन करने से पहले झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे खनिज संपन्न राज्यों से पर्याप्त परामर्श नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि खनन से प्रभावित इलाकों के लोगों के विस्थापन, मुआवजे और पुनर्वास की जिम्मेदारी कौन लेगा।

कल्पना सोरेन ने दावा किया कि इस संशोधन से झारखंड को अगले 10 वर्षों में करीब एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कोयला कंपनियों के पास राज्य में दो लाख एकड़ से अधिक जमीन है, लेकिन यहां से निकाले गए खनिजों का लाभ दूसरे क्षेत्रों को मिलता है।

‘झारखंड किसी की भीख में नहीं मिला’

अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड किसी की कृपा या भीख से नहीं बना है। यह राज्य आदिवासियों और आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में चले झारखंड आंदोलन को याद करते हुए कहा कि राज्य के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है।

उन्होंने सदन से अपील की कि खनिज संपदा और राज्य के वित्तीय अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे पर सभी दल एकजुट होकर आवाज उठाएं।

MMDR एक्ट पर विधानसभा में पेश हुआ राजकीय संकल्प

विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी एमएमडीआर संशोधन कानून के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। राज्य सरकार का दावा है कि इस कानून से झारखंड को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। सरकार ने केंद्र से कानून पर पुनर्विचार करने या इसे वापस लेने की मांग की है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version