सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड क्रिकेट के इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। Mushtaq Ali Trophy के फाइनल मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 69 रनों से हराकर पहली बार इस प्रतिष्ठित घरेलू टी-20 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। पुणे में खेले गए इस निर्णायक मुकाबले में टीम के शानदार प्रदर्शन ने पूरे राज्य को गर्व से भर दिया। इस ऐतिहासिक जीत पर धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए पूरी टीम को बधाई दी है।
यह भी पढ़ें: T20 WC 2026 से पहले शुभमन गिल पर बढ़ा दबाव, इरफान पठान ने संजू सैमसन को लेकर दिया बयान
डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार ने इस सफलता को झारखंड क्रिकेट के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि कप्तान ईशान किशन के नेतृत्व में मिली यह जीत आने वाले वर्षों में युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से राज्य के उभरते क्रिकेटरों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और झारखंड को राष्ट्रीय क्रिकेट में एक नई पहचान मिलेगी। वहीं डीसीए के महासचिव बिनय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड अब घरेलू क्रिकेट में एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम के रूप में उभर कर सामने आया है।
इस जीत पर डीसीए के उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और जावेद खान, संयुक्त सचिव बाल शंकर झा, बीएच खान, संजीव राणा, शांतनु चौधरी, जेएससीए कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में झारखंड क्रिकेट नई ऊंचाइयों को छुएगा।
उल्लेखनीय है कि मुश्ताक अली ट्रॉफी देश की सबसे प्रतिष्ठित घरेलू टी-20 प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसका आयोजन बीसीसीआई द्वारा किया जाता है। झारखंड की यह पहली खिताबी जीत न सिर्फ राज्य क्रिकेट की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद भी जगाती है।










