झारखंड के खनिज से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत, लेकिन आदिवासी समाज अब भी पिछड़ा: CM हेमंत सोरेन

By Riya Kumari

Published :

Follow
झारखंड के खनिज से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत, लेकिन आदिवासी समाज अब भी पिछड़ा: CM हेमंत सोरेन

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की खनिज संपदा और आदिवासी समाज की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिजों से पूरे देश की अर्थव्यवस्था को ताकत मिलती है, लेकिन जिन आदिवासियों की जमीन से यह संपदा निकलती है, वे आज भी शिक्षा और आर्थिक विकास के मामले में पीछे हैं। आदिवासी समाज को मजबूत बनाने के लिए शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक स्तर पर एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।

यह भी पढे : जुगसलाई में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार तस्कर गिरफ्तार; 2.5 लाख का नशा बरामद

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को बोकारो के ललपनिया में आयोजित ‘लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में बड़े पैमाने पर खनन कार्य होता है और इससे आदिवासियों की जमीन भी प्रभावित होती है। ऐसे में राज्य की खनिज संपदा पर यहां के स्थानीय लोगों की भी उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।

शिक्षा से मजबूत होगा आदिवासी समाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है। आदिवासी परिवारों को अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि युवा शिक्षित होकर अपने समाज और राज्य के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने लोगों से अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।

लुगू बुरू को राष्ट्रीय पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी

हेमंत सोरेन ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। इससे आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों के इतिहास को जानने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाओं का लगातार विकास कर रही है।

सरना धर्म कोड और SIR पर भी की चर्चा

मुख्यमंत्री ने अलग सरना धर्म कोड की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने आदिवासी समाज से मौजूदा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और आगामी जनगणना को लेकर सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी पहचान और अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता जरूरी है।

माता-पिता की स्मृति में बांटा गया खिचड़ी प्रसाद

महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन की स्मृति में तीन दिनों तक खिचड़ी प्रसाद वितरण की जानकारी दी। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, चमरा लिंडा, मुख्यमंत्री की पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और उमाकांत रजक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इस अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन में झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version