सोशल संवाद / डेस्क: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को रांची में प्रदर्शन के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। घटना उस समय हुई जब छात्र और वामपंथी छात्र संगठनों के कार्यकर्ता विधानसभा मार्च के लिए बिरसा चौक की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने मौके से आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़े : Jharkhand ‘छात्रों की हर इच्छा होगी पूरी’, आंदोलन के बीच CM हेमंत सोरेन का बड़ा भरोसा
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। AISA नेताओं ने आरोप लगाया कि यह हमला आंदोलन को डराने और भटकाने की कोशिश है। वहीं, नेहा बोरा ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से आंदोलन कमजोर नहीं होगा और छात्र भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि JPSC-JSSC भर्ती विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन 14वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच, पुनर्परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। 10 अगस्त को विधानसभा महा-घेराव का भी आह्वान किया गया है।









