सोशल संवाद / डेस्क ; साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म Kalki 2898 AD के सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के डायरेक्टर नाग अश्विन ने साफ कर दिया है कि दूसरे पार्ट की कास्ट में कोई नया एक्टर शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे में दीपिका पादुकोण के फिल्म से बाहर होने के बाद उनके किरदार सुमति को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
यह भी पढे : Alia Bhatt-Vicky Kaushal ने Mijwan Show में मचाई धूम, Showstoppers बनकर छाए
सीक्वल में नहीं होगी नई कास्टिंग
नाग अश्विन ने Variety India से बातचीत में बताया कि फिल्म की कहानी उसी ट्रैक पर आगे बढ़ेगी, जिसे पहले पार्ट में शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि फिल्म में पहले से ही काफी किरदार मौजूद हैं और कोई नई एंट्री नहीं होगी। इसका मतलब यह है कि दीपिका पादुकोण की जगह किसी नई अभिनेत्री को लाने की फिलहाल कोई घोषणा नहीं हुई है।
दीपिका पादुकोण का किरदार था अहम
पहली फिल्म में दीपिका ने सुमति का किरदार निभाया था। कहानी में उनका किरदार बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि वह अजन्मे कल्कि से जुड़ी कहानी का अहम हिस्सा थीं। अब दीपिका के सीक्वल से अलग होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुमति के किरदार को कहानी में किस तरह आगे बढ़ाया जाएगा।
सितंबर 2025 में मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर बताया था कि दीपिका पादुकोण Kalki 2898 AD के आगामी सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। हालांकि, उनके फिल्म से अलग होने की वजह को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आई थीं, लेकिन अभिनेत्री की ओर से इसकी कोई स्पष्ट वजह आधिकारिक तौर पर नहीं बताई गई है।
अक्टूबर के मध्य से शुरू होगी शूटिंग
नाग अश्विन ने सीक्वल की शूटिंग को लेकर भी अपडेट दिया है। उनके मुताबिक अक्टूबर 2026 के मध्य से रेगुलर शूटिंग शुरू होने की योजना है। अमिताभ बच्चन और कमल हासन के कुछ सीन इस साल की शुरुआत में शूट किए जा चुके हैं। अब प्रभास समेत अन्य कलाकारों की उपलब्धता भी तय हो गई है।
डायरेक्टर ने बताया कि टीम का लक्ष्य अगले साल के मध्य तक शूटिंग पूरी करने के बाद पोस्ट-प्रोडक्शन पर काम शुरू करना है। उन्होंने फिल्म की संभावित रिलीज के लिए 2028 की ओर भी संकेत दिया है, हालांकि फाइनल रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
पहली फिल्म ने बनाया था बड़ा रिकॉर्ड
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी Kalki 2898 AD में प्रभास, अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और कमल हासन प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म ने दुनियाभर में ₹1,042.25 करोड़ से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया था और इसे नेशनल अवॉर्ड में ‘बेहतरीन मनोरंजन देने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म’ का सम्मान भी मिला।











