सोशल संवाद / डेस्क : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की छठ पूजा को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने बिना किसी का नाम लिए इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर बार बिहार के लोगों, उनकी आस्था और त्योहारों को ही निशाना क्यों बनाया जाता है?
यह भी पढ़े : बाबूलाल मरांडी के बयान पर पुलिस मेंस एसोसिएशन का विरोध, BJP ने किया पलटवार
खेसारी लाल यादव ने कहा कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में इस पर्व और इसे मनाने वाले लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
खेसारी ने पूछा- हमारी आस्था और त्योहारों को ही क्यों बनाया जाता है निशाना?
खेसारी लाल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि छठ पूजा करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा महापर्व है। उन्होंने सवाल किया कि क्या छठ हिंदू समुदाय के लोगों का पर्व नहीं है? करोड़ों लोगों की आस्था और परंपराओं का सम्मान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है?
उन्होंने यह भी कहा कि जब ऐसे मुद्दे सामने आते हैं, तो जिम्मेदार लोगों को खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए। इस विषय पर अपेक्षित संवाद और स्पष्टता नहीं दिखाई देना दुखद है।
बिहार, झारखंड और यूपी के लोगों की भावनाओं का सम्मान जरूरी
खेसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लोगों ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में उनकी धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज सरकार मजबूत स्थिति में है, इसलिए ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों को अपनी बात स्पष्ट रूप से रखनी चाहिए।
विरोध नहीं, धार्मिक स्वतंत्रता और समान व्यवहार की बात
खेसारी लाल यादव ने कहा कि यह मामला किसी के विरोध का नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, आपसी सम्मान और समान व्यवहार का है। हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव या अनावश्यक रोक-टोक के अपनी परंपरा और आस्था का पालन करने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में आस्था का सम्मान होना चाहिए, संवाद बना रहना चाहिए और किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।











