सोशल संवाद / जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल पर एक बार फिर आवेदन की विंडो खोल दी गई है। इससे उन विद्यार्थियों को एक और अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर सके थे या मेधा सूची में पसंदीदा विषय नहीं मिलने के कारण नामांकन से वंचित रह गए थे।

यह भी पढे : महिला विवि में बीटेक के शिक्षकों के लिए 28 तक मांगे आवेदन
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस बार छात्रों को एक ही कॉलेज में विभिन्न विषयों और अलग-अलग संकायों के लिए अलग-अलग आवेदन करने की विशेष सुविधा दी गई है। वर्तमान सत्र से सभी महाविद्यालयों में विषयवार सीटों का निर्धारण किया गया है, जिसके कारण कई लोकप्रिय विषयों में सीटें सीमित हो गई हैं। इसे देखते हुए विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल एक ही विषय पर निर्भर रहने के बजाय अपनी पसंद के विषय के साथ-साथ अन्य वैकल्पिक विषयों और संकायों में भी आवेदन करें।
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि यदि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को उनकी पहली पसंद का विषय या संकाय नहीं मिलता है, तो वे कला या वाणिज्य संकाय के अन्य विषयों में भी आसानी से नामांकन ले सकेंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रावधानों के अनुरूप विद्यार्थियों को एक से अधिक विषयों का अध्ययन करने और व्यापक शैक्षणिक विकल्प चुनने का अवसर उपलब्ध कराया गया है।
एक-एक छात्र के नामांकन की पहलः विश्वविद्यालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीमित सीटों के कारण कोई भी मेधावी छात्र उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। यदि किसी छात्र को उसकी पहली पसंद के विषय में सीट नहीं मिलती है, तो वैकल्पिक विषयों में आवेदन करने के कारण उसे उसी कॉलेज में किसी अन्य विषय में नामांकन का अवसर मिल सकता है। इसके अलावा, छात्र अपनी सुविधा और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चांसलर पोर्टल के माध्यम से एक से अधिक कॉलेजों में भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिससे उनके नामांकन की संभावना और अधिक बढ़ जाएगी।









