सोशल संवाद / डेस्क : सुप्रीम कोर्ट में सोमवार (16 नवंबर) को उस वक्त असामान्य स्थिति पैदा हो गई, जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी। वकील ने सुनवाई के दौरान CJI से कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें इस पद के लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है। इसके बाद अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया और कोर्टरूम में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने वकील को बाहर निकाल दिया।
यह भी पढे : Sonia Gandhi का बड़ा खुलासा, राजीव गांधी की हत्या के बाद राहुल-प्रियंका ने संभाला था
यह घटना उस समय हुई, जब वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले में तत्काल सुनवाई की मांग लेकर CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने पहुंचे थे। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन भी शामिल थे।
2 नवंबर को दिया था मामला, 15 दिन बाद भी नहीं मिला जवाब
रिपोर्ट के मुताबिक, वकील ने अदालत में बताया कि उन्होंने 2 नवंबर को CJI सूर्यकांत के कार्यालय में अपना मामला रखा था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसी वजह से उन्हें अदालत के सामने तत्काल सुनवाई की मांग करनी पड़ रही है।
वकील ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना दोपहर दो बजे मामले का उल्लेख करने के लिए शुरुआत में माफी भी मांगी। उन्होंने पीठ से अपने दस्तावेज देखने का अनुरोध किया।
CJI ने कहा- इंतजार कीजिए, वकील ने की टिप्पणी
वकील की बात सुनने के बाद जस्टिस वी. मोहन ने उन्हें इस तरह मामले का उल्लेख नहीं करने की हिदायत दी। वहीं, CJI सूर्यकांत ने वकील से कहा कि वे इंतजार करें, मामले को देखा जाएगा।
हालांकि, वकील इंतजार करने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने CJI से कहा, “नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं। आपके अंदर उस पद के लिए ईमानदारी नहीं है।”
कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद, सुरक्षा कर्मियों ने बाहर निकाला
वकील की टिप्पणी के बाद सुप्रीम कोर्ट की वर्चुअल कार्यवाही का ऑडियो और वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्टरूम में मौजूद वकीलों के अनुसार, इसके बाद संबंधित वकील को सुरक्षा कर्मियों की मदद से अदालत कक्ष से बाहर ले जाया गया।
बताया गया कि वकील ने पीठ में शामिल जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन के प्रति सम्मान जताया, लेकिन CJI सूर्यकांत के पद पर बने रहने को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान कुछ अन्य वकीलों ने भी संबंधित वकील के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
CJI के खिलाफ टिप्पणी पर SCBA ने मांगी अवमानना कार्रवाई
इस मामले में 17 नवंबर को नया घटनाक्रम सामने आया। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने संबंधित वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। SCBA के पदाधिकारियों ने CJI सूर्यकांत के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया और बताया कि याचिका दाखिल करने के लिए अटॉर्नी जनरल से सहमति मिल गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, CJI ने प्रस्तावित याचिका को 18 नवंबर को सूचीबद्ध करने का आश्वासन दिया है।
पहले भी सुप्रीम कोर्ट में हो चुका है हंगामा
गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई में भी सुप्रीम कोर्ट में प्रबल प्रताप नाम के एक याचिकाकर्ता ने सुनवाई के दौरान हंगामा किया था। उसने अदालत में कागज फेंके और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं।
वहीं, अक्टूबर 2025 में तत्कालीन CJI बीआर गवई के सामने भी एक वकील द्वारा जूता फेंकने की कोशिश की घटना सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही के दौरान सुरक्षा और मर्यादा को लेकर चर्चा तेज हुई है।











