सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के लोहरदगा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कुडू थाना क्षेत्र स्थित समसिरा हायर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल के छात्रावास में एक जहरीले सांप ने एक ही कमरे में सो रही चार छात्राओं को डस लिया। इस हादसे में 12 वर्षीय वर्षा उरांव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

यह भी पढ़े : झारखंड विजन 2050 को मिलेगी नई दिशा, CM हेमंत सोरेन की मौजूदगी में IT, AI और निवेश पर बनेगी रणनीति
एक ही कमरे में सो रही थीं चारों छात्राएं
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। छात्रावास के एक कमरे में चारों छात्राएं सो रही थीं, तभी एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया और एक-एक कर सभी को डस लिया। छात्राओं को जब सांप के काटने का एहसास हुआ तो उन्होंने कमरे की लाइट जलाई। लाइट जलते ही सांप फन फैलाकर खड़ा दिखाई दिया, जिसके बाद छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर अन्य छात्राएं और स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचे।
अस्पताल ले जाने पर एक छात्रा की मौत
घटना के तुरंत बाद स्कूल के एक शिक्षक सभी छात्राओं को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने 12 वर्षीय वर्षा उरांव, निवासी साल्गी अलाउदी नवा टोली, को मृत घोषित कर दिया।
तीन छात्राओं का इलाज जारी
घटना में घायल मनीषा कुमारी (14) का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं फुलमनिया उरांव (11) और अनीसा कुमारी (11) की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
अस्पताल पहुंचे परिजन, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही कमरे में चार छात्राओं को सांप के काटने की घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर और हॉस्टल में नियमित साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा सांपों से बचाव के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक सुरक्षा उपाय बेहद जरूरी हैं।










