सोशल संवाद/डेस्क: दिसंबर महीने में गैस सिलिंडर बुक कराने वाले इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस के उपभोक्ताओं के लिए आधार बायोमेट्रिक e-KYC जरूरी है। जिन घरेलू LPG ग्राहकों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी सब्सिडी प्रभावित हो सकती है। हालांकि, e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन अपने आप बंद नहीं होगा।
सब्सिडी पाने के लिए e-KYC अनिवार्य
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जरूरी किया गया है। यह व्यवस्था इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस तीनों कंपनियों के ग्राहकों पर लागू है। जिन ग्राहकों ने पहले ही e-KYC करा लिया है, उन्हें इसे दोबारा कराने की जरूरत नहीं है।
मोबाइल ऐप से घर बैठे करें e-KYC
ग्राहक अपनी गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए भी e-KYC पूरी कर सकते हैं।
- इंडेन गैस: IndianOil ONE ऐप
- भारत गैस: HelloBPCL ऐप
- एचपी गैस: HP PAY ऐप
इन ऐप्स के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। ग्राहक चाहें तो अपनी गैस एजेंसी पर जाकर भी बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं।
सिलिंडर डिलीवरी के समय भी करा सकते हैं सत्यापन
अगर किसी ग्राहक की e-KYC अभी तक पूरी नहीं हुई है, तो वह सिलिंडर की डिलीवरी के समय भी डिलीवरी कर्मचारी की मदद से आधार बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकता है। इसके अलावा गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
बिना सब्सिडी वाला सिलिंडर लेने का विकल्प
जो ग्राहक आधार बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराना चाहते या सब्सिडी नहीं लेना चाहते, वे तेल कंपनियों के अधिकृत डिजिटल माध्यमों से अपनी पसंद दर्ज करा सकते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को बाजार दर पर बिना सब्सिडी वाला सिलिंडर उपलब्ध कराया जा सकता है। 5 और 10 किलो के सिलिंडर का विकल्प भी उपलब्धता के आधार पर मिल सकता है।
क्या e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा?
नहीं। e-KYC पूरी नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि आपका LPG कनेक्शन अपने आप बंद हो जाएगा। हालांकि, आधार बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होने तक पात्र ग्राहकों की सब्सिडी और सब्सिडी वाली दर पर रिफिल बुकिंग प्रभावित हो सकती है। इसलिए उपभोक्ताओं को अपनी e-KYC स्थिति जांचकर जल्द प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
1 दिसंबर से कोई बिल्कुल नया आधार e-KYC नियम लागू होने की घोषणा नहीं हुई है। यह पहले से लागू व्यवस्था है, जिसे दिसंबर की गैस बुकिंग से पहले समझना जरूरी है।











