सोशल संवाद / जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के महिला आयाम द्वारा “महिला सामर्थ्य सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 7 मार्च 2026 को शाम 4 बजे तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज और विज्ञापनों में महिलाओं की सकारात्मक, गरिमामयी और बौद्धिक छवि को बढ़ावा देना था।
यह भी पढे : बोकारो में SSB जवान की जमीन पर विवाद, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
विज्ञापनों में महिलाओं की सम्मानजनक छवि पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य विषय था “विज्ञापन में महिलाओं को सम्मानजनक और बौद्धिक रूप से दिखाया जाये”। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि विज्ञापनों में महिलाओं को केवल आकर्षण का माध्यम बनाकर दिखाने की प्रवृत्ति उचित नहीं है। इसके बजाय महिलाओं की बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व और सामाजिक योगदान को प्रमुखता दी जानी चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत और संचालन
कार्यक्रम का संचालन डॉली परिहार ने किया। शुरुआत में आरती शर्मा ने ग्राहक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद जिला महिला आयाम प्रमुख प्रीति सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
प्रांत महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल ने संगठन के महिला आयाम की गतिविधियों और “महिला सामर्थ्य सम्मान” श्रृंखला के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रांत उपाध्यक्ष एंजिल उपाध्याय ने विषय प्रवेश करते हुए कहा कि मीडिया और विज्ञापन जगत को महिलाओं की प्रतिभा और सोच को भी उतनी ही प्राथमिकता देनी चाहिए जितनी उनके बाहरी रूप को दी जाती है।
समाज सेवा करने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रेनू शर्मा, गीता दीक्षित और सुष्मिता सरकार को “महिला सामर्थ्य सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ समाज में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
महिलाओं की उद्यमिता और अधिकारों पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान डॉली परिहार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। वहीं युवा उद्यमी कुसुम ने महिलाओं की बढ़ती उद्यमिता और व्यापारिक अवसरों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. हेमलता ने अपने संबोधन में बताया कि वे लंबे समय से पीड़ित और प्रताड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे अपने अधिकारों के लिए निर्भय होकर आगे आ सकें।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष पप्पू जी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. डी. पी. शुक्ला, प्रांत अध्यक्ष डॉ. कल्याणी कबीर, प्रांत संगठन मंत्री प्रभु जी, वंदना जी सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनीता शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जबकि वंदना कुमारी ने शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन कराया।









