सोशल संवाद/डेस्क : ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर गुणवत्ता वाला खाना-पानी उपलब्ध कराने के लिए IRCTC ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान तेज कर दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में बिना अनुमति वाली पैकेज्ड पानी की बोतलें और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं।
यह भी पढे : झारखंड में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट, नोटिस मिले तो घबराएं नहीं; 24 अगस्त से होगी सुनवाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलग-अलग इलाकों में हुई जांच के दौरान 8,349 अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त की गईं। इसके अलावा आइसक्रीम, फ्लेवर्ड मिल्क और दूसरे बिना अनुमति वाले खाद्य पदार्थ भी पकड़े गए।
लखनऊ में 5,241 बोतलें जब्त
28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 के बीच लखनऊ क्षेत्र में 117 ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान 5,241 बिना अनुमति वाली पानी की बोतलें जब्त की गईं।
वहीं, चंडीगढ़ में की गई अतिरिक्त जांच के दौरान 3,108 बोतलें पकड़ी गईं।
आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क भी मिले
IRCTC की जांच में सिर्फ पानी की बोतलें ही नहीं, बल्कि बिना अनुमति वाली आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क भी मिले।
10 अगस्त 2026 को अंबाला में 13 कार्टन ऐसे उत्पाद जब्त किए गए। इसके बाद सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई।
कई रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में जांच
IRCTC ने जांच का दायरा केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं रखा है। साबरमती बीजी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 19223 और 19031 से भी बिना अनुमति वाले खाद्य और पेय पदार्थ हटाए गए।
वहीं, 8 अगस्त को हावड़ा में अचानक जांच की गई, जहां अनधिकृत खाद्य और पेय पदार्थों को हटाकर नष्ट किया गया।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
IRCTC ने कैटरिंग एजेंसियों और विक्रेताओं को बिना अनुमति वाले खाद्य-पेय पदार्थ रखने से बचने की चेतावनी दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लाइसेंस की शर्तों के तहत जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
इसके लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT लगातार ट्रेनों और स्टेशनों पर जांच कर रही है। जांच में ओवरचार्जिंग, साफ-सफाई और कैटरिंग से जुड़े नियमों की भी निगरानी की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा पर फोकस
8 से 14 अगस्त 2026 के बीच गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ समेत कई जगहों पर ट्रेनों के अंदर भी जांच की गई। IRCTC का फोकस यात्रियों को सुरक्षित और अधिक स्वच्छ खान-पान उपलब्ध कराने पर है।
यात्रियों के लिए भी सलाह है कि ट्रेन में खाना-पानी खरीदते समय अधिकृत विक्रेता से ही सामान लें और किसी भी तरह की ओवरचार्जिंग या गड़बड़ी होने पर इसकी शिकायत करें।









