अब Chat और Work की लिमिट होगी एक
अब तक ChatGPT में Chat और Work के लिए अलग-अलग अनुभव उपलब्ध थे। Chat का इस्तेमाल सामान्य सवाल पूछने, लिखने और जानकारी लेने जैसे कामों के लिए होता है। वहीं Work फीचर रिसर्च, फाइलों का विश्लेषण, प्रेजेंटेशन तैयार करने और कई चरणों वाले काम पूरे करने में मदद करता है।
नए बदलाव के बाद दोनों फीचर एक ही जगह काम करेंगे। इनके इस्तेमाल की सीमा भी साझा होगी। यानी Chat में ज्यादा इस्तेमाल करने पर Work के लिए उपलब्ध लिमिट भी प्रभावित हो सकती है।
ज्यादा इस्तेमाल करने वालों को जल्दी खत्म हो सकती है लिमिट
OpenAI के अनुसार, ज्यादातर यूजर्स को इस बदलाव से बार-बार लिमिट खत्म होने जैसी परेशानी होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, जो लोग Chat और Work दोनों का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, उनकी साझा लिमिट पहले खत्म हो सकती है।
इस बदलाव को लेकर कुछ Pro सब्सक्राइबर्स ने चिंता भी जताई है। उनका मानना है कि अलग-अलग लिमिट खत्म होने के बाद अब एडवांस AI मॉडल के इस्तेमाल का मौका कम हो सकता है।
Instant मॉडल का इस्तेमाल रहेगा अनलिमिटेड
इस बदलाव के बीच यूजर्स के लिए राहत की बात यह है कि Instant मॉडल पर बातचीत अनलिमिटेड रहेगी। Instant मॉडल से की गई बातचीत साझा उपयोग सीमा में नहीं गिनी जाएगी।
अगर किसी यूजर की Chat और Work की साझा लिमिट खत्म भी हो जाती है, तब भी वह Instant मॉडल का इस्तेमाल जारी रख सकेगा। यानी सामान्य सवाल पूछने और रोजमर्रा के कामों के लिए यह विकल्प उपलब्ध रहेगा।
दिसंबर से ज्यादा यूजर्स को मिलेगा नया अनुभव
फिलहाल OpenAI ने इस बदलाव को कुछ Pro यूजर्स के साथ टेस्ट करना शुरू किया है। कंपनी यूजर्स के फीडबैक के आधार पर इसमें सुधार करेगी। इसके बाद दिसंबर 2026 में इसे व्यापक स्तर पर लागू करने की योजना है।
यूजर्स अपनी बची हुई उपयोग सीमा और उसके रीसेट होने का समय Settings में Usage सेक्शन के जरिए देख सकेंगे।
AI कंपनियां क्यों कर रही हैं ऐसे बदलाव?
AI टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। खासकर एडवांस मॉडल और जटिल कामों में ज्यादा कंप्यूटिंग संसाधनों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में कंपनियां अपने सिस्टम और उपयोग सीमा को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने की कोशिश कर रही हैं।
OpenAI का कहना है कि वह सिस्टम की कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रहा है, ताकि यूजर्स अपनी उपलब्ध लिमिट में ज्यादा काम कर सकें।











