सोशल संवाद / चाईबासा : जिला खनन टास्क फोर्स, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के क्रम में गोईलकेरा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े : Jharkhand PTM Schedule 2026-27: JEPC ने जारी किया स्कूलों का वार्षिक PTM कैलेंडर
निरीक्षण के दौरान सेरेंगदा थाना अंतर्गत ग्राम कुमड़ीह में लगभग 11,286 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू बरामद कर जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम रायम स्थित उत्क्रमित रायम मध्य विद्यालय के मैदान में लगभग 26,985 घनफीट तथा ग्राम रायम के मुख्य मार्ग के दोनों ओर लगभग 2,03,255 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू बरामद कर जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 2,41,526 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया, जो जिले में अवैध बालू भंडारण के विरुद्ध हाल के समय की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। जब्त बालू के संबंध में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान अवैध रूप से भंडारित उक्त बालू के संबंध में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता अथवा नाम प्रकाश में नहीं आया।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जब्त बालू का नियमानुसार मूल्यांकन कर उसकी नीलामी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा आगे भी इसी प्रकार निरंतर एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










