सोशल संवाद/डेस्क : सुप्रीम कोर्ट ने कुछ समय पहले ही आवारा कुत्तों को शहरों से हटाकर शेल्टर होम में भेजे जाने का बड़ा आदेश जारी किया है। हालांकि इस पर सिंगर मीका सिंह ने सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई है कि वो कोई भी ऐसा फैसला न लें, जिससे आवारा कुत्तों को दिक्कत हो। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि वो खुद इन कुत्तों के लिए 10 एकड़ जमीन दान करेंगे, जहां कुत्तों की ठीक तरह देखभाल हो सके।
ये भी पढे : समाज को जोड़ने में कविता अहम भूमिका निभाती हैः धर्मेंद्र तिवारी
रविवार को मीका सिंह के आधिकारिक X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर इस बड़े कदम का ऐलान करते हुए लिखा, ‘मीका सिंह भारत के माननीय सुप्रीम कोर्ट से विनम्र अपील करते हैं कि कुत्तों की भलाई को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी फैसले से बचा जाए।’
आगे उन्होंने लिखा, ‘मैं कहना चाहता हूं कि मेरे पास पर्याप्त जमीन है और मैं कुत्तों की देखभाल और रहने के लिए 10 एकड़ जमीन देने को तैयार हूं। मेरी सिर्फ इतनी विनती है कि कुत्तों की देखभाल के लिए सही स्टाफ और जिम्मेदार लोग उपलब्ध कराए जाएं। मैं कुत्तों के लिए शेल्टर बनाने और उनकी सुरक्षा, सेहत और अच्छे जीवन से जुड़ी सभी जरूरतों के लिए अपनी जमीन देने को तैयार हूं।’










