झारखंड में SIR पर रोक लगाने की तैयारी, विधानसभा में प्रस्ताव लाएगी हेमंत सरकार; मतदाता सूची के नए सिरे से पुनरीक्षण की मांग

By Riya Kumari

Published :

Follow
झारखंड में SIR पर रोक लगाने की तैयारी, विधानसभा में प्रस्ताव लाएगी हेमंत सरकार; मतदाता सूची के नए सिरे से पुनरीक्षण की मांग

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बुधवार, 25 नवंबर 2026 को विधानसभा के विशेष सत्र में SIR के खिलाफ प्रस्ताव पेश करने जा रही है। सरकार की मांग है कि मौजूदा प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और पारदर्शी नियमों एवं आसान प्रक्रिया के साथ नए सिरे से पुनरीक्षण कराया जाए।

यह भी पढे : झारखंड के खनिज से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत, लेकिन आदिवासी समाज अब भी पिछड़ा: CM हेमंत सोरेन

झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित हो रहा है। पहले दिन SIR और दूसरे दिन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR) पर चर्चा होनी है। सरकार का प्रस्ताव विधानसभा से पारित होने के बाद केंद्र सरकार और संबंधित प्राधिकरणों को भेजने की तैयारी है।

2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.21 करोड़ के नाम ड्राफ्ट सूची में

सरकार की ओर से विधानसभा में पेश किए जाने वाले प्रस्ताव में मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों पर भी चिंता जताई गई है। प्रस्ताव के अनुसार, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम ही पहले चरण की ड्राफ्ट सूची में प्रकाशित हुए हैं। यानी करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए।

प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि ड्राफ्ट सूची में शामिल मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें कई मामलों में माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में अंतर, उम्र का अंतर और अन्य तकनीकी विसंगतियों को आधार बनाया गया है। सरकार का कहना है कि ऐसी प्रक्रियागत जटिलताओं से वास्तविक मतदाताओं को परेशानी हो रही है।

आदिवासी और कमजोर वर्ग के मतदाताओं को लेकर चिंता

सरकार ने प्रस्ताव में झारखंड के आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की परिस्थितियों का भी उल्लेख किया है। सरकार का कहना है कि राज्य के कई ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में लोगों के पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।

इसके अलावा बुजुर्गों, दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों और शादी के बाद गांव बदलने वाली महिलाओं को भी दस्तावेजों के सत्यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने आशंका जताई है कि इन समस्याओं के कारण पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

खटियान और आधार कार्ड को लेकर भी उठाए सवाल

प्रस्ताव में दस्तावेजों की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाए गए हैं। सरकार के अनुसार, आधार कार्ड, राशन कार्ड और वोटर आईडी जैसे दस्तावेजों को पर्याप्त प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं, झारखंड में जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज खटियान को भी 11 सुझाए गए दस्तावेजों की सूची में शामिल नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई गई है।

सरकार ने यह भी कहा है कि दूसरे राज्यों में काम करने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों के लिए निर्धारित समय में फॉर्म भरना और सत्यापन कराना मुश्किल हो रहा है।

SIR की प्रक्रिया रोककर नई SOP बनाने की मांग

हेमंत सोरेन सरकार ने प्रस्ताव में मांग की है कि मौजूदा SIR प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए। इसके बाद सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श कर पारदर्शी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए। नई प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन, नोटिस और सुनवाई के नियम सरल एवं स्पष्ट रखने की मांग की गई है।

सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा है कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

22 दिसंबर को जारी होनी है अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन आयोग ने झारखंड में SIR की प्रक्रिया 30 जून 2026 को शुरू की थी। इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई। अब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने की समयसीमा 22 दिसंबर निर्धारित की गई है।

वहीं, विधानसभा में सरकार की ओर से पेश होने वाले प्रस्ताव पर सबकी नजर रहेगी। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सदन में बहस होने की संभावना है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version