सोशल संवाद/जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। स्कूल में दिनभर अलग-अलग खेल और रचनात्मक गतिविधियां हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।

यह भी पढे : निखार सबलोक हत्याकांडः कॉल डिटेल से खुल रही कड़ियां, शूटरों की तलाश में बिहार व पश्चिम बंगाल में छापेमारी
कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए खेल शपथ के साथ हुई। बच्चों ने ईमानदारी और अनुशासन के साथ खेलने, निष्पक्षता बनाए रखने और हार-जीत से ज्यादा खेल भावना को महत्व देने का संकल्प लिया।इसके बाद जुंबा से कार्यक्रम में ऊर्जा भर गई। संगीत की धुन पर बच्चों ने उत्साह के साथ जुंबा किया। वहीं कुछ विद्यार्थियों ने स्पीच और पोस्टर के जरिए खेलों के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि नियमित खेलकूद से शरीर के साथ-साथ सोचने और सीखने की क्षमता भी बेहतर होती है।
कबड्डी और खो-खो में दिखी खूब मस्ती
खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी और खो-खो को लेकर बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति और टीमवर्क का अच्छा प्रदर्शन किया। स्पून मार्बल रेस, कलेक्ट द थिंग्स और बैलेंस द बुक जैसी गतिविधियों में भी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में आयोजित खेल क्विज बच्चों के लिए खास आकर्षण रहा। सवाल-जवाब के दौरान विद्यार्थियों ने खेलों से जुड़े अपने ज्ञान और तेजी से जवाब देने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
विजेता बच्चों को मिला पुरस्कार
दिनभर चली प्रतियोगिताओं के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलते ही बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के जरिए बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।









