सोशल संवाद/डेस्क: रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रक्सौल से तिरुपति के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन को रेलवे से हरी झंडी मिल गई है। यह ट्रेन धनबाद, बोकारो और रांची होते हुए चलेगी, जिससे बिहार और झारखंड के श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। रेलवे जल्द ही इसका टाइम टेबल जारी करेगा।
यह भी पढ़ें: वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस: कंफर्म टिकट, डिजिटल पेमेंट और नए किराया नियम लागू
बताया जा रहा है कि नई ट्रेन का संचालन पहले चल रही रक्सौल–तिरुपति स्पेशल के समय और ठहराव के आधार पर किया जाएगा। इससे यात्रियों को पुराने रूट पर ही बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इसी के साथ धनबाद से भुवनेश्वर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को भी नियमित ट्रेन का दर्जा मिलने जा रहा है। अब इस ट्रेन का ठहराव चंद्रपुरा स्टेशन पर भी होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और ट्रेन की समयबद्धता में भी सुधार आएगा।
धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को भी नियमित करने की मंजूरी मिल गई है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त स्पेशल किराया नहीं देना पड़ेगा। वहीं, धनबाद से भोपाल के लिए सप्ताह में तीन दिन चलने वाली नई ट्रेन भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसकी तारीखों पर रेलवे संबंधित जोन के साथ चर्चा कर रहा है।
हालांकि, धनबाद से बेंगलुरु और सूरत जाने वाली स्पेशल ट्रेनों को नियमित बनाने पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। दिल्ली के लिए भी स्पेशल ट्रेन को मंजूरी नहीं मिली, लेकिन इसके विकल्प के तौर पर धनबाद होकर हावड़ा से आनंद विहार के बीच नई अमृत भारत ट्रेन को स्वीकृति दी गई है, जिससे यात्रियों को राजधानी क्षेत्र से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।










