Nisha Bhagat Case: रांची में CBI की छापेमारी, अजय तिर्की और ज्योत्सना से पूछताछ

By Riya Kumari

Published :

Follow
Nisha Bhagat Case: रांची में CBI की छापेमारी, अजय तिर्की और ज्योत्सना से पूछताछ

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / रांची : आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। केस अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने रांची में तीन स्थानों पर एक साथ जांच की। इस दौरान मामले के नामजद आरोपी केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा से पूछताछ की गई। वहीं, सीबीआई की एक अन्य टीम ने निशा भगत के आवास पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्राइम सीन री-क्रिएट किया।

यह भी पढ़े : स्वर्गीय निर्भय सिंह की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, सांसद विद्युत वरण महतो समेत कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

रांची में तीन जगहों पर एक साथ पहुंची CBI की टीम

जानकारी के अनुसार, दिल्ली स्थित सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सोमवार को जांच एजेंसी की टीमें रांची पहुंचीं।

सीबीआई की एक टीम पहाड़ी टोला स्थित अजय तिर्की के आवास पर पहुंची और उनसे मामले को लेकर पूछताछ की। दूसरी टीम नागरताली स्थित ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पहुंची। यहां भी अधिकारियों ने उनसे सवाल-जवाब किए और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

वहीं, तीसरी टीम पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित निशा भगत के आवास पहुंची। इसी स्थान पर 6 नवंबर को उनकी मौत हुई थी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्राइम सीन री-क्रिएट किया और जरूरी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हांदू भगत ने पिठौरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बेटी को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।

इस मामले में पिठौरिया थाना में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गई थी। इसमें अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया था, जबकि कुछ अज्ञात लोगों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

सीबीआई ने इस प्राथमिकी को अपने यहां दोबारा दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत जांच शुरू की है। ये धाराएं आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं। आरोपों की जांच अभी जारी है।

मौत से पहले फेसबुक लाइव में साझा की थी परेशानी

गौरतलब है कि 6 नवंबर को निशा भगत की मौत से पहले उनका एक फेसबुक लाइव सामने आया था। इसमें वह रोते हुए अपनी परेशानी साझा कर रही थीं। उन्होंने जमीन कारोबारियों पर प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने अपने लाइव में अजय तिर्की का नाम भी लिया था। इस घटनाक्रम के बाद मामला काफी चर्चा में आया और परिजनों ने उनकी मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

सरकार की अनुशंसा पर CBI को सौंपी गई जांच

निशा भगत की मौत के बाद भाजपा, आजसू और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। परिजनों ने भी सीबीआई जांच की मांग की थी।

इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 नवंबर को मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा की। राज्य सरकार ने पिठौरिया थाना प्रभारी को भी उनके पद से हटाया था। अब सीबीआई ने औपचारिक रूप से मामला अपने हाथ में लेकर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल सीबीआई की जांच में आरोपियों से पूछताछ, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तथ्यों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version