सोशल संवाद / जमशेदपुर : ग्रामीण क्षेत्रों के फोटोग्राफरों को आधुनिक फोटोग्राफी तकनीक से जोड़ने और उनके कौशल को निखारने के उद्देश्य से फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर और निकॉन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में जादूगोड़ा स्थित प्रसिद्ध रंकनी मंदिर परिसर के समीप एक दिवसीय फोटो वॉक (Photo Walk) का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लेकर नई तकनीकों की जानकारी हासिल की।

यह भी पढे : चाकुलिया–बुरामारा नई रेल लाइन को मिली रफ्तार, झारखंड-ओडिशा के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
आधुनिक कैमरों और लेंस की मिली जानकारी
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत फोटोग्राफरों को फोटोग्राफी की दुनिया में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों, नए कैमरा मॉडल, एडवांस लेंस और आधुनिक शूटिंग तकनीकों से परिचित कराना था। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध फोटोग्राफी विशेषज्ञ जय कुमार ने मुख्य मेंटर के रूप में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से लाइटिंग, फ्रेमिंग, कैमरा सेटिंग्स, एंगल चयन और प्रोफेशनल फोटोग्राफी की बारीकियों को विस्तार से समझाया। प्रतिभागियों ने प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न विषयों की फोटोग्राफी कर तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया।
50 से अधिक फोटोग्राफरों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष आनंद सिंह, महासचिव दलजीत सिंह, सह-अध्यक्ष कमलेश, सह-सचिव बलराम सरदार, कार्यकारी सदस्य हरिनारायण तथा पूर्व महासचिव अभिमन्यु सहित जमशेदपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 50 से अधिक फोटोग्राफरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आगे भी होंगे तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम
एसोसिएशन के महासचिव दलजीत सिंह ने बताया कि संस्था भविष्य में भी निकॉन इंडिया जैसी अग्रणी कंपनियों के सहयोग से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के फोटोग्राफरों के लिए नियमित रूप से तकनीकी कार्यशालाएं, फोटो वॉक और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय फोटोग्राफरों को आधुनिक तकनीक सीखने के साथ-साथ अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा।









