सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड में डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद अब और गहराता जा रहा है। बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित अभद्र व्यवहार और धमकी से जुड़े मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया है। एसोसिएशन ने साफ कहा है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन किया जाएगा।
यह भी पढ़े : MMDR विवाद पर रघुवर दास का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- ‘जनता को गुमराह कर रही सरकार’
पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/2026 में दर्ज मामले को लेकर धनबाद एसपी से पत्राचार किया गया है। एसोसिएशन ने मांग की है कि जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पांच दिनों के भीतर पूरी की जाएं।
थाना प्रभारी से अभद्रता का आरोप
विवाद की शुरुआत बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित गाली-गलौज और धमकी के आरोपों से हुई। मामले से जुड़ा एक ऑडियो सामने आने के बाद जयराम महतो समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, जयराम महतो ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ साजिश बताया है।
पुलिस एसोसिएशन का आरोप है कि इस घटना से पुलिसकर्मियों के मनोबल पर असर पड़ा है। एसोसिएशन ने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
राज्यभर में आंदोलन की चेतावनी
राहुल मुर्मू ने कहा कि अगर पांच दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन के शाखा पदाधिकारी और सदस्य राज्यभर में आंदोलन करेंगे। एसोसिएशन की ओर से मामले की जानकारी राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और डीजीपी को भी भेजे जाने की बात कही गई है।
पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो के निजता के अधिकार से जुड़े तर्कों पर भी सवाल उठाया। एसोसिएशन का कहना है कि पूरे मामले को केवल एक पक्ष से नहीं, बल्कि उसके पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
फिलहाल इस विवाद ने झारखंड की राजनीति और पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पांच दिनों के भीतर पुलिस प्रशासन मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या पुलिस एसोसिएशन अपनी चेतावनी के मुताबिक आंदोलन शुरू करेगा।









