सोशल संवाद / डेस्क : Ranchi Pulse Polio Campaign 2026: रांची जिले में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इस अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 5 लाख बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए जीवन रक्षक दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए पूरे जिले में 3,893 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।
यह भी पढे : PM Poshan Scheme: सरकारी स्कूलों में अंडे और फल क्यों हो रहे हैं कम?
3,893 बूथों पर होगी पोलियो की खुराक
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 3,893 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे 28 जून को अपने पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं।
छूटे हुए बच्चों तक घर-घर पहुंचेगी टीम
28 जून को बूथों पर टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए। इस अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है।
पूरे झारखंड में चलेगा विशेष अभियान
राज्यभर में 28 से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान 61.26 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए झारखंड में 24,507 पोलियो बूथ बनाए गए हैं और हजारों स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया तथा स्वयंसेवी संगठन अभियान में भाग लेंगे।
अभिभावकों से की गई विशेष अपील
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचना जरूरी है। इसलिए सभी अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथि पर नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलाएं।










