सोशल संवाद / डेस्क : सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयास से मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से की जा रही मांग को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी देते हुए टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत किया है। रेलवे बोर्ड की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में इस ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को प्रायोगिक आधार पर शुरू करने की अनुमति दी गई है।
यह भी पढ़े :रांची-जमशेदपुर सफर होगा आसान, NH-33 के लिए ₹214.79 करोड़ मंजूर
इस संबंध में सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं और क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे। बैठक में उन्होंने रेल जीएम एवं डीआरएम के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव देने की मांग प्रमुखता से रखी थी। सांसद ने बताया था कि मनोहरपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
-रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से जारी आदेश में 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर रोकने की स्वीकृति दी गई है। आदेश में संबंधित रेलवे जोन को निर्देश दिया गया है कि सुविधाजनक तिथि से ट्रेन का ठहराव शुरू किया जाए। साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों पर इसकी जानकारी व्यापक रूप से प्रदर्शित करने और यात्रियों को इसकी सूचना देने को कहा गया है।
-दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव होने से पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर, आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूर के स्टेशनों तक जाने की परेशानी कम होगी। मनोहरपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजगार एवं अन्य कार्यों के सिलसिले में दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस ट्रेन का ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण विकल्प बनेगा। इसके अलावा व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और उनके परिजनों को भी इसका फायदा मिलने की संभावना है।
-सांसद के प्रयास की क्षेत्र में सराहना
रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सांसद जोबा माझी द्वारा इसे सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में उठाए जाने के बाद अब रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सांसद जोबा माझी ने यात्रियों की सुविधा से जुड़े इस मुद्दे को रेलवे के समक्ष लगातार उठाया था। अब रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद मनोहरपुर स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव का रास्ता साफ हो गया है। ठहराव शुरू होने के बाद क्षेत्र के रेल यात्रियों को निश्चित रूप से काफी सुविधा मिलेगी।









