सोशल संवाद/बड़बिल : रक्षाबंधन पर हर भाई अपनी बहन से राखी बंधवाना चाहता है, लेकिन ड्यूटी की वजह से कई जवान और पुलिसकर्मी इस दिन भी अपने परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे ही भाइयों के लिए बड़बिल के हेल्पिंग हैंड संगठन की महिलाओं ने इस बार रक्षाबंधन को खास बना दिया।
यह भी पढे : ट्रेन में कचरा फेंका तो जेब होगी ढीली, रेलवे ने बढ़ाया जुर्माना; अब देना होगा ₹1000 तक
संगठन की महिला सदस्य बोलानी स्थित सीआईएसएफ कैंप पहुंचीं और वहां ड्यूटी पर तैनात जवानों की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद उन्होंने बोलानी पुलिस स्टेशन जाकर पुलिसकर्मियों को भी राखी बांधी और मिठाई खिलाई।
महिलाएं बड़बिल एसडीओ कार्यालय और बड़बिल उपकारा भी पहुंचीं। यहां भी उन्होंने लोगों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कई सालों से निभा रहे हैं यह रिश्ता
हेल्पिंग हैंड की सदस्यों ने बताया कि उनका संगठन पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन पर ड्यूटी में तैनात जवानों और पुलिसकर्मियों के साथ यह त्योहार मनाता आ रहा है। इन भाइयों की बहनें जब इस खास दिन उनके साथ नहीं होतीं, तो संगठन की महिलाएं राखी बांधकर उस कमी को थोड़ा कम करने की कोशिश करती हैं।
महिला सदस्यों ने कहा कि जवान पूरे साल परिवार से दूर रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के दिन उनके साथ कुछ पल बिताना और उनकी कलाई पर राखी बांधना उनके लिए भी खुशी की बात है।
राखी के साथ मिठाई और ढेरों शुभकामनाएं
राखी बांधने के बाद जवानों और पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाई गई। इस दौरान माहौल काफी अपनापन भरा रहा। जवानों ने भी महिलाओं का आभार जताया और इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड की अध्यक्ष रितिका राना के साथ रबिना नायक, बालो ओराम, सुमन ओराम और संगठन की अन्य महिला सदस्य मौजूद रहीं।
रक्षाबंधन के इस छोटे से प्रयास ने उन भाइयों के चेहरे पर मुस्कान ला दी, जो त्योहार के दिन भी अपने परिवार और बहनों से दूर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।









