सोशल संवाद / रांची: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 22 नवंबर को राजधानी रांची में नगर कीर्तन सत्संग शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। रविवार को शहर के कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को ट्रैफिक रूट की जानकारी लेना जरूरी है।
यह भी पढे : Jamshedpur Weather: चक्रवात अकवान का असर, 6 डिग्री गिरा तापमान, 25 नवंबर तक बढ़ेगी ठंड
सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के आदेश के अनुसार, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के रांची शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करना होगा।
वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा।
इन प्रमुख रास्तों पर बंद रहेगा आवागमन
दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक और रतन पीपी होते हुए सुजाता चौक तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
इसके अलावा शोभायात्रा के दौरान पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरसा मैदान तक तथा सुजाता चौक से गुरु नानक पब्लिक स्कूल तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
सुजाता चौक से मेन रोड जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुजाता चौक से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन रतन पीपी चौक से दाएं मुड़कर करबला चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु अपने वाहन सुरजीत मोटर गैरेज और शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में पार्क कर सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक निर्धारित रूट पर जाने से बचें। जरूरी काम होने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।











