सोशल संवाद / डेस्क : बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। शादी को यादगार बनाने के लिए पटना के नदवां गांव में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। इस शादी में मेहमानों के स्वागत से लेकर खाने-पीने तक की व्यवस्था बड़े स्तर पर की जा रही है। खास बात यह है कि शादी में करीब 50 लाख रसगुल्ले और 25 लाख से अधिक अन्य मिठाइयां तैयार करने की तैयारी है।
यह भी पढे : India NOTAM: अंडमान में मिसाइल परीक्षण की तैयारी? ब्रह्मोस या अग्नि-6 पर चर्चा तेज
50 लाख रसगुल्लों के लिए मंगाई गई 1500 क्विंटल चीनी
शादी में मिठाइयों की व्यवस्था के लिए करीब 1500 क्विंटल चीनी मंगाई गई है। बताया जा रहा है कि पांच बड़े ट्रकों के जरिए चीनी गांव पहुंचाई गई है। कारीगरों की टीमें लगातार मिठाइयां तैयार करने में जुटी हैं। रसगुल्लों के अलावा मेहमानों के लिए कई तरह की मिठाइयां भी बनाई जाएंगी।
10 लाख लोगों के भोजन की तैयारी
शादी में आने वाले मेहमानों के लिए करीब 10 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगभग 10 एकड़ जमीन पर दो अलग-अलग स्थानों पर भोज का इंतजाम किया जा रहा है। खाने के मेन्यू में 150 से अधिक व्यंजन शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
25 नवंबर को होगी शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होनी है। शादी की तैयारियों के लिए गांव में भव्य सजावट की जा रही है। समारोह में देशभर से मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है।
शादी में घुड़दौड़ भी बनेगी आकर्षण
इस शादी में घुड़दौड़ का आयोजन भी खास आकर्षण रहने वाला है। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रतियोगिता के विजेता को महिंद्रा थार कार दी जाएगी। इसके अलावा शादी में वीआईपी मेहमानों के लिए हेलिपैड और भव्य मंडप तैयार किए जा रहे हैं।
शादी की भव्य तैयारियों के कारण यह समारोह बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।











