सोशल संवाद /पुरी (ओडिशा) : देवस्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर जगन्नाथ पुरी धाम में प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ 27 जून से हुआ। यह दिव्य कथा होटल ब्लू लिली, पुरी के प्रांगण में आयोजित की जा रही है।

यह भी पढे : 26 वर्षों बाद जगी नई उम्मीद, वेदांता के साथ मिलकर केबल की नई पहचान बनाएंगे कर्मचारी : केबल मजदूर संघ
कथा के प्रथम दिवस से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने इंद्रेश उपाध्याय महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया।
कथा के दौरान महाराज जी ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म और मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और ईश्वर से जुड़ने का सशक्त माध्यम है।
पूरे कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और कथा श्रवण में भाव-विभोर होकर भगवान जगन्नाथ का स्मरण करते रहे। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं भी की गई हैं।










