सोशल संवाद / डेस्क : चर्चित शिक्षक खान सर और रौशन आनंद के बीच चल रहे विवाद ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। रौशन आनंद ने आरोप लगाया है कि वह खान सर के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के लिए पटना के कदमकुआं थाने पहुंचे थे, लेकिन कई घंटे तक इंतजार करने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की।
यह भी पढे : पश्चिमी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में आयुष विभाग के स्वास्थ्य शिविर, 181 मरीजों का हुआ नि:शुल्क उपचार
रौशन आनंद का दावा है कि उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत और उससे जुड़े आरोपों को लेकर खान सर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। उनका आरोप है कि पुलिस मामले में कार्रवाई करने से बच रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
खान सर और रौशन आनंद विवाद क्या है?
दरअसल, जून की शुरुआत में पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हिंसा, तोड़फोड़ और फायरिंग का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद पुलिस ने खान सर (फैसल खान) और अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। वायरल वीडियो और जांच के आधार पर उनके सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया गया था।
वहीं दूसरी ओर, रौशन आनंद को भी खान सर के संस्थान में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई।
भाई की मौत के बाद बढ़ा विवाद
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद रौशन आनंद ने सार्वजनिक रूप से खान सर पर गंभीर आरोप लगाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। हालांकि इन आरोपों की अभी तक किसी जांच एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।
अदालत और जांच पर टिकी निगाहें
इस पूरे मामले में पहले से दर्ज FIR, चल रही पुलिस जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया के बीच अब रौशन आनंद द्वारा नई शिकायत दर्ज कराने की कोशिश ने विवाद को और चर्चा में ला दिया है। मामले को लेकर विभिन्न पक्षों के अपने-अपने दावे हैं, जबकि अंतिम सत्य जांच और अदालत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।










