सोशल संवाद / डेस्क : तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में रविवार शाम बहुभाषीय साहित्यिक संस्था Sahyog Multilingual Literary Organization की आम सभा आयोजित की गई। बैठक में नई कार्यकारिणी समिति का पुनर्गठन किया गया और वर्षभर आयोजित होने वाले साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
यह भी पढे : घर-घर पहुंचेंगे अधिकारी, 33 सवालों के देने होंगे जवाब जनगणना 2027
सहयोग गीत और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रागिनी भूषण द्वारा रचित सहयोग गीत के गायन से हुई। इसके बाद मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
25 वर्षों की उपलब्धियों को किया गया याद
डॉ. जूही समर्पिता ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए संस्था के पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्था के गठन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दिवंगत साहित्यकार बच्चन पाठक सलिल समेत अन्य साथियों को भी याद किया।
कविताओं और लघुकथा की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम में पुष्पांजलि मिश्रा ने लघुकथा प्रस्तुत की, जबकि माधुरी मिश्रा, प्रणति सिन्हा, निशीथ सिन्हा, डॉ. आशा गुप्ता और रीना सिन्हा ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया। साहित्यिक प्रस्तुतियों ने सभा को भावनात्मक और रचनात्मक माहौल प्रदान किया।
सालभर आयोजित होंगे साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
सभा में सर्वसम्मति से वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इनमें पुस्तक समीक्षा, कबीर जयंती, कथा गोष्ठी, प्रेमचंद जयंती, दिनकर जयंती, बहुभाषीय काव्य संध्या, सावन मिलन, वनभोज, होली मिलन और वार्षिक आम सभा जैसे आयोजन शामिल हैं।
नई कार्यकारिणी समिति का गठन
सभी सदस्यों की सहमति से संस्था की नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। इसमें डॉ. संध्या सिन्हा को अध्यक्ष और डॉ. जूही समर्पिता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। वहीं डॉ. भारती कुमारी को सचिव और पुष्पांजलि मिश्रा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संस्था की प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. संध्या सिन्हा ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संस्था की प्रगति और साहित्यिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी नए पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
दिवंगत साहित्यकार की पत्नी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सी. भास्कर राव की दिवंगत पत्नी डॉ. सूर्या राव को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।










