सोशल संवाद / सरायकेला: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढे : Saraikela नगर पंचायत की नई पहल, राशन से लेकर जल कनेक्शन तक की सेवाएं अब वार्ड स्तर पर
बैठक में उपायुक्त ने सभी अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पर्व से पहले विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बकरीद के दौरान सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अलर्ट मोड में कार्य करेंगे।
पेयजल, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बिजली विभाग, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निकायों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। नगर निकायों को कुर्बानी के अवशेषों के समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण तथा नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। साथ ही निर्बाध पेयजल एवं बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
सदर अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 24×7 सक्रिय रखने, चिकित्सकीय टीमों की तैनाती और एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड वाहनों को “रेडी टू मूव” स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।
बाइक रेसिंग और स्टंट पर रहेगी कड़ी नजर
पर्व के दौरान युवाओं द्वारा बाइक रेसिंग, स्टंट और तेज रफ्तार वाहन चलाने की आशंका को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष निगरानी के निर्देश दिए। विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने और अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया अफवाहों पर प्रशासन की नजर
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि कुछ परिवार निर्धारित तिथि के अलावा अन्य दिनों में भी कुर्बानी देते हैं, इसलिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ व्यापक तैयारी करनी होगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित फ्लैग मार्च करने तथा एसडीपीओ और एसडीओ को मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने साफ कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। पशु अवशेषों के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों पर अवशेष नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने की शांति और भाईचारे की अपील
बैठक के अंत में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से बकरीद पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।










