Responsive Full Width Slider

मानगो नगर निगम के अधिकारियों को सरयू राय की हिदायत, बोले- नियमों के मुताबिक करें काम, दबाव में लिया फैसला पड़ सकता है भारी

By Riya Kumari

Published :

Follow
मानगो नगर निगम के अधिकारियों को सरयू राय की हिदायत, बोले- नियमों के मुताबिक करें काम, दबाव में लिया फैसला पड़ सकता है भारी

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने बुधवार को मानगो नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त और उप नगर आयुक्त के साथ बैठक की। यह बैठक मंगलवार को हुई मानगो नगर निगम की हंगामेदार बोर्ड बैठक के बाद हुई, जिसमें राय ने अधिकारियों को नियम-कानून के दायरे में रहकर काम करने की स्पष्ट हिदायत दी।

यह भी पढे : झारखंड में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट, नोटिस मिले तो घबराएं नहीं; 24 अगस्त से होगी सुनवाई

अधिकारियों की जिम्मेदारी पर दिया जोर

सरयू राय ने कहा कि यथा संशोधित नगरपालिका अधिनियम-2011 के तहत नगर निगम की कार्यकारी शक्तियां नगर आयुक्त के पास होती हैं। उन्होंने कहा कि निगम में किसी भी तरह की अनियमितता होने पर उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का सामना भी उन्हें करना पड़ सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को अनुचित लाभ पहुंचाने या किसी के दबाव में नियमों की अनदेखी करना अधिकारियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

बोले- अधिकारियों पर नहीं डालते अनुचित दबाव

सरयू राय ने कहा कि वह अधिकारियों के काम में अनुचित हस्तक्षेप नहीं करते और न ही किसी अधिकारी पर नियमों के विरुद्ध काम करने का दबाव डालते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति दबाव बनाकर अपने हित में काम कराने का प्रयास करता है, तो अधिकारी नियमों के अनुसार निर्णय लें।

उन्होंने कहा कि दबाव डालकर लाभ लेने वाला व्यक्ति बाद में किनारे हो सकता है, लेकिन नियम विरुद्ध निर्णय लेने वाले अधिकारी को ही उसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

मेयर के अधिकारों को लेकर कही ये बात

सरयू राय ने अधिकारियों को संबंधित कानूनी प्रावधानों और दस्तावेजों की जानकारी देते हुए कहा कि मेयर के पास कार्यकारी या प्रशासनिक अधिकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मेयर द्वारा निगम के किसी कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी अधिकार नहीं है और कार्रवाई का अधिकार नगर आयुक्त के पास है।

उन्होंने निगम के बजट की स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया से जुड़े नियमों की भी जानकारी दी। राय ने अधिकारियों से कहा कि वे नियम-कानून और अपने विवेक के आधार पर निर्णय लें, ताकि भविष्य में किसी तरह के आरोप या दंडात्मक कार्रवाई की स्थिति न बने।

बोर्ड बैठक के संचालन को लेकर भी दिए निर्देश

सरयू राय ने कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक का एजेंडा नगर आयुक्त द्वारा तय किया जाना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता मेयर करें, जबकि इसका संचालन अपर नगर आयुक्त या उप नगर आयुक्त द्वारा किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से मानगो के विकास की स्पष्ट योजना तैयार करने, विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने और उन्हें समय पर लागू करने को कहा। इसके साथ ही उपायुक्त के माध्यम से अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही।

पार्षदों की बैठक और प्रशिक्षण का सुझाव

सरयू राय ने बताया कि उन्होंने विभागीय मंत्री से फोन पर बात कर नगर निकायों के वार्ड पार्षदों की प्रमंडलवार बैठक आयोजित करने का आग्रह किया है। उन्होंने पार्षदों को आवश्यक सलाह और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

अंत में सरयू राय ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि निगम के कामकाज में उनका पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी शक्तियों और जिम्मेदारियों को समझते हुए नियमों के अनुसार काम करें और निर्णय लेते समय विवेक का इस्तेमाल करें।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट