Responsive Full Width Slider

मेयर के आरोपों पर बुधवार को जवाब देंगे सरयू राय, बोले- ‘नियम-कानून की जानकारी नहीं’

By Riya Kumari

Published :

Follow
मेयर के आरोपों पर बुधवार को जवाब देंगे सरयू राय, बोले- ‘नियम-कानून की जानकारी नहीं’

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की बोर्ड बैठक को लेकर मेयर सुधा गुप्ता के आरोपों पर बुधवार को विस्तृत जवाब देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पहले वह बैठक में शामिल वार्ड पार्षदों का पक्ष जानेंगे, इसके बाद मेयर के बयान पर अपना पक्ष रखेंगे।

यह भी पढे : जमशेदपुर में ग्राहक पंचायत की विचार गोष्ठी, ‘हलाल सर्टिफिकेशन’ पर हुई चर्चा

सरयू राय ने जारी बयान में मेयर पर नगर निगम के नियम-कानून की जानकारी नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेयर बोर्ड बैठक की अध्यक्षता कर सकती हैं। यदि वह बैठक की अध्यक्षता नहीं करती हैं तो नियमानुसार उप महापौर बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। दोनों के मौजूद नहीं रहने पर वार्ड पार्षद अपने बीच से किसी वरिष्ठ पार्षद को बैठक की अध्यक्षता के लिए चुन सकते हैं।

बैठक के एजेंडे को लेकर उठाए सवाल

सरयू राय ने कहा कि मंगलवार की बोर्ड बैठक में पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि नहीं कराई गई। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सुबह 11 बजे तक बैठक का एजेंडा उपलब्ध नहीं कराया गया था। इस संबंध में उन्होंने ई-मेल के माध्यम से अपर नगर आयुक्त को इसकी जानकारी भी दी थी।

उन्होंने बताया कि एजेंडा नहीं मिलने के कारण उन्होंने बैठक में शामिल नहीं होने की बात कही थी। हालांकि बाद में कई अधिकारियों और पार्षदों ने फोन कर उनसे बैठक में आने का आग्रह किया। इसके बाद वह बोर्ड बैठक में शामिल हुए।

‘पार्षद खुद बताएं किस गुट के हैं’

सरयू राय ने कहा कि मेयर ने उनकी मौजूदगी को किस रूप में लिया या उन्हें उनकी उपस्थिति से असहजता क्यों हुई, यह वही बता सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिन वार्ड पार्षदों को मेयर ने उनके गुट से जुड़ा बताया है, अब वही पार्षद खुद स्पष्ट करें कि वे किसी गुट का हिस्सा हैं या नहीं।

उन्होंने कहा कि बुधवार को वह पार्षदों का रुख जानने के बाद नगर निगम कार्यालय जाएंगे और अपर नगर आयुक्त से भी मुलाकात करेंगे।

सरकार को भी भेजेंगे रिपोर्ट

सरयू राय ने कहा कि वह अपर नगर आयुक्त की भूमिका और मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक के संबंध में राज्य सरकार को भी पत्र लिखेंगे। इसके बाद पूरे मामले पर अपना विस्तृत बयान जारी करेंगे।

उन्होंने मेयर के मंगलवार के बयान को ‘नादानीपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि नगर निगम का संचालन नियम-कानून के अनुसार होना चाहिए।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट