सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के बोकारो से एक पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान करीब 60 से 65 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात घर में किसी बात को लेकर प्रमिला देवी और उनके 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि राजू कुमार ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से अपनी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी।
मारपीट में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा। लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी बेटे राजू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सेक्टर-12 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रमिला देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस घटना से हर कोई स्तब्ध है।









