सोशल संवाद जमशेदपुर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 के तहत 26 एवं 27 जुलाई 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को गति देने के लिए शहरी मतदान केंद्रों पर यह कैंप आयोजित किया जा रहा है।

विशेष कैंप पोटका विधान सभा क्षेत्र के जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 1 से 104 तक, जुगसलाई में जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत बूथ संख्या 156 से 203 तक तथा जमशेदपुर प्रखंड के 204 से 381 तक तथा जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिम के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किये जाएंगे। उपायुक्त के अनुसार कैंप के दौरान प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 से अपराह्न चार बजे तक मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान किया जाएगा। विशेष कैंपों में संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, स्वयंसेवक, स्वयं सहायता समूह एवं सीआरपी की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी गणना प्रपत्रों को मतदान केंद्रवार व्यवस्थित रखने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
झामुमो बर्मामाइंस समिति ने एसआईआर पर की चर्चा
बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती में शुक्रवार को झामुमो की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विशेष बैठक हुई। अध्यक्ष अजय पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, महाबीर मुर्मू और शैलेंद्र महतो मुख्य प्रभारी के रूप में उपस्थित रहे। नेताओं ने सभी 24 बूथों के बूथ लेवल एजेंटों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे। यदि किसी कारणवश किसी का नाम छूट गया है, तो उसे सही जानकारी देकर पुनः जुड़वाने में मदद करें। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह ने किया।









