सोशल संवाद / जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) कार्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए स्टूडेंट्स काउंसिल के गठन व संचालन के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है। संस्थान की उच्चस्तरीय बैठक में स्वीकृत इस एसओपी का मुख्य उद्देश्य छात्र प्रतिनिधित्व में पारदर्शिता, जवाबदेही और समावेशिता सुनिश्चित करना है।
यह भी पढे : वैली व्यू स्कूल में वार्षिक वॉलीबॉल टूर्नामेंट का विजेता रुबी हाउस बना
नई नीति के तहत काउंसिल के कुल पदों में से लगभग 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित की गई हैं। योग्य महिला उम्मीदवार नहीं मिलने की स्थिति में ही ये सीटें पुरुष उम्मीदवारों को आवंटित की जा सकेंगी। इच्छुक और योग्य स्टूडेंट्स 15 अगस्त की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन तथा 16 अगस्त को सुबह 11 बजे तक डीएसडब्ल्यू कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। दोनों माध्यमों से आवेदन करना अनिवार्य है।
यह है चयन प्रक्रिया
आवेदकों की शॉर्ट लिस्टिंग के बाद पीपीटी प्रेजेंटेशन, इंटरव्यू और भाषण के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के लिए डीन की अध्यक्षता में 14 सदस्यीय सर्च एंड सेलेक्शन कमेटी गठित की गई है। काउंसिल का आधिकारिक कार्यकाल जून 2027 तक रहेगा। यह काउंसिल कैंपस में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल गतिविधियों, मेस-हॉस्टल व्यवस्था और अनुशासन में एनआईटी प्रशासन को सहयोग करेगी।
आवेदकों के लिए तय मापदंड
अकादमिक योग्यताः न्यूनतम 7 सीजीपीए और पूरे पाठ्यक्रम के दौरान कोई बैकलॉग नहीं होना चाहिए।
अनुशासनः रैगिंग, परीक्षा में अनुचित साधन के प्रयोग या एसआईडीसी द्वारा दंडित छात्र पात्र नहीं होंगे।
बकाया शुल्कः संस्थान या हॉस्टल का कोई भी शुल्क बकाया नहीं होना चाहिए।









