सोशल संवाद / जमशेदपुर : रांची रेलमंडल में सिल्ली इलू बाईपास लाइन का सिविल कार्य आरंभ करने के लिए आज निविदा जारी होने पर दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरूण जोशी ने प्रसन्नता जताते हुए इस प्रयास को पूर्ण कराने में सहयोग के लिए माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पूर्व सांसद (राज्यसभा) महेश पोद्दार के प्रति आभार जताया। यह कहा कि इस रेल लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण होने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। यह लाइन झारखण्ड की राजधानी रांची से प्रदेश की औद्योगिक नगरी टाटानगर और अन्य जगह आने जाने के लिए बहुत उपयोगी। विदित हो कि यात्रियों की सुविधा हेतु तत्कालीन सांसद राज्यसभा महेश पोद्दार ने इस मामले में निरंतर माननीय रेल मंत्री से समन्वय बनाकर प्रयासों को गति दी। बजटीय राशि की स्वीकृति दिलाने में भी तत्कालीन सांसद का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
सिल्ली इलू बाईपास लाइन के निर्माण हेतु निविदा जारी किये जाने पर पूर्व सांसद (राज्यसभा) महेश पोद्दार ने माननीय रेलमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे के इस प्रयास से रांची-हावडा-टाटा की दूरी कम होगी, सफर सुगम होगा, यात्रियों का किराया और समय बचेगा और ईंधन की भी बचत होगी। सुखद है कि माननीय रेलमंत्री ने मेरे सुझाव को मूर्तरूप देते हुए, इसपर पहल की है। उन्होंने इस प्रयास के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के उच्चाधिकारियों को भी धन्यवाद दिया।
