सोशल संवाद / सरायकेला : झारखंड राज्य कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान एवं धनबाद जिला कबड्डी संघ की मेजबानी में 5 से 7 जून 2026 तक धनबाद स्थित डॉ. जे.के. सिंह मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग में आयोजित होने वाली 13वीं सीनियर राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिला की महिला एवं पुरुष टीम भाग लेगी।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों की महिला एवं पुरुष कबड्डी टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। सरायकेला-खरसावां जिला कबड्डी संघ की ओर से चयनित खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला कबड्डी संघ के सचिव शंभू सेन ने बताया कि टीम 4 जून को जमशेदपुर से धनबाद के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन पूर्व में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है तथा सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से लगातार अभ्यास कर रहे हैं।
कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार पोद्दार एवं कोषाध्यक्ष बहादुर कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सरायकेला-खरसावां की टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित करेगी।









