सोशल संवाद /जमशेदपुर: हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-24 के कमीशनिंग कार्य के लिए शुक्रवार शाम पांच बजे से नॉन इंटरलॉकिंग (एनआइ) कार्य शुरू होगा। इसका सीधा असर टाटानगर-हावड़ा रेलमार्ग पर पड़ेगा। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 24 से 27 जुलाई तक 53 ट्रेनों के आंशिक समापन, आंशिक प्रारंभ और मार्ग परिवर्तन के साथ 16 लोकल ट्रेनों को रद करने की अधिसूचना जारी की है। टाटानगर के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण 12814 टाटानगर-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस 25 और 26 जुलाई को हावड़ा तक नहीं जाएगी। दोनों दिन इसका परिचालन सांतरागाछी तक ही होगा। यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए स्थानीय ट्रेन, मेट्रो या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। इसी तरह 18012 चक्रधरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 24 और 25 जुलाई को सांतरागाछी में ही समाप्त होगी।

यह भी पढ़े : चालान मिलते ही विकास योजनाओं का होगा भुगतान : जेएनएसी
इसके अलावा मुंबई मेल, गीतांजलि एक्सप्रेस, कोरोमंडल एक्सप्रेस, फलकनुमा एक्सप्रेस, क्रिया योगा एक्सप्रेस, पुरी एक्सप्रेस और अन्य लंबी दूरी की कई ट्रेनों का परिचालन शालीमार या सांतरागाछी से किया जाएगा। कुछ ट्रेनें हावड़ा पहुंचने के बजाय इन्हीं स्टेशनों से समाप्त होंगी। रेलवे के अनुसार, हावड़ा लिंक केबिन में एनआइ कार्य पूरा होने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या 24 को परिचालन के लिए शुरू किया जाएगा। इससे भविष्य में हावड़ा स्टेशन की क्षमता और
ट्रेन संचालन की दक्षता बढ़ेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। शालीमार और सांतरागाछी से चलने वाली ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार वहीं से रवाना होंगी।
टाटा-गुवा मेमू अब आदित्यपुर से होगी रवाना
टाटा-गुवा मेमू ट्रेन का परिचालन 27 जुलाई से 10 अगस्त तक अस्थायी रूप से टाटानगर की जगह आदित्यपुर स्टेशन से किया जाएगा। चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत 68019 और 68009 टाटा-गुवा मेमू आदित्यपुर से खुलेगी, जबकि 68004 और 68020 गुवा-टाटा मेमू आदित्यपुर स्टेशन पर समाप्त होगी। सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि गुवा मेमू टाटानगर पहुंचने के बाद रातभर प्लेटफॉर्म पर खड़ी रहती है। प्लेटफॉर्म खाली रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। सफल रहने पर इसे आगे भी जारी किया जा सकता है।









